बिजनौर में जुमे की नमाज के दौरान फोर्स के साथ जामा मजिस्द के पास पैदल मार्च करते एसडीएम व एसपी।
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर। पिछली बार की तरह इस बार भी जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में रहा। मस्जिदों के आस पास पुलिस का पहरा रहा। पुलिस प्रशासन कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच जुमे की नमाज अदा की गई। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल कर पुलिस ने गतिविधियों पर नजर बनाए रही। अधिकारी भी लगातार जायजा लेते रहे।
शुक्रवार को एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह, एसपी सिटी डा. प्रवीन रंजन सिंह, एसडीएम सदर मोहित कुमार ने बिजनौर शहर की जामा मस्जिद के आस पास भ्रमण कर जायजा लिया। मस्जिदों के आस पास लगी पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की टीम को जरुरी दिशा निर्देश दिए। सीओ सिटी अनिल कुमार और प्रभारी निरीक्षक रविंद्र वशिष्ठ भी मौके पर डटे रहे। एएसपी देहात राम अर्ज भी अपने सुपर जोन में लगातार भ्रमण पर रहे। बता दें कि कानपुर और प्रदेश के अन्य शहरों में हुई हिंसा के बाद से ही प्रदेशभर में अलर्ट बना हुआ है। अपने जिले में भी लगातार तीन जुुमे से ही पुलिस सतर्कता बरत रही है। पुलिस संवेदनशील इलाकों में तैनाती के साथ साथ सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए रही। सभी थानों में दो दो पुलिसकर्मी सिर्फ फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म की निगरानी करने में लगे हुए हैं। उधर जुमे की नमाज को लेकर रिटायर्ड हो चुके पुलिसकर्मी और गांव के चौकीदारों की पुलिस मदद ले रही है।
जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा हो गई है। सभी लोग सहयोग कर रहे हैं। नमाज को लेकर पुलिस फोर्स की तैनाती गई थी। पुलिस और प्रशासन के अफसर भ्रमणशील रहे - डॉ. धर्मवीर सिंह, एसपी