स्विटजरलैंड से ऑनलाइन कराया गया नि:शुल्क योग
बिजनौर। योगी शिवाखंडा संस्थान स्विट्जरलैंड की ओर से वीके इंटरनेशनल स्कूल, नहटौर में योगी शिवाखंडा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में नि:शुल्क ऑनलाइन योग शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विशेषकर बच्चों एवं युवाओं समेत अन्य साधकों को विभिन्न प्रकार के योगासन कराकर उन्हें दैनिक योग के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य प्रयोजन युवाओं को योग एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, क्रिकेट की बारीक युक्तियां तथा श्रीकृष्ण के असाधारण जीवन का उल्लेख करना रहा। करोना काल के मद्देनजर सामाजिक दूरी और मास्क इत्यादि सभी नियमों का इस शिविर में विशेष रूप से पालन किया गया। इस अवसर पर योगाभ्यास एवं कुछ अन्य स्वास्थ्य संबंधी क्रीड़ाओं का आयोजन किया गया और विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संचालन शिवाखंडा संस्था के मुख्य प्रभारी परोपकार सिंह ने कराया। शिवाखंडा संस्था के संस्थापक योगी शिवाखंडा ने स्विस से ऑनलाइन बातचीत करते हुए बताया कि बिजनौर जनपद उनकी मातृभूमि है और जनपद में खेलों के विकास के लिए स्कूल के साथ मिलकर उनकी संस्था विशेष रूप से ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने में सहयोग करेगी। स्कूल की संस्थापक शिल्पी अग्रवाल ने कहा कि बच्चों में सामान्य पढ़ाई के साथ साथ शारीरिक विकास के लिए योगासन एवं खेल और व्यायाम बहुत जरूरी है। सभी को इस ओर ध्यान देना चाहिए। इस अवसर पर अमित श्रीवास्तव, शुभम त्यागी, संदर्भ सिंह, शेखर, धैर्य सिंह, तेजवीर, दिग्विजय, आकाश, आकांशु, मुकुल आदि उपस्थित रहे।