सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता ने सरकार पर साधा निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना (बिजनौर)। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता महमूद प्राचा ने केंद्र सरकार पर निशाना सीधा है। कहा कि सरकार ने देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देकर उन्हें गरीब रखने की पूरी गारंटी दे रखी है। आरएसएस और भाजपा मिलकर देश को तोड़ने का काम कर रहे हैं।
शनिवार दोपहर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुफ्ती मोनिस हुसैन के काजी सराय स्थित आवास पर आयोजित मुस्लिम बुद्धिजीवियों, विभिन्न दलों से ताल्लुक रखने वाले जिम्मेदार नेताओं की बैठक हुई। इस पहुंचे में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता महमूद प्राचा ने कहा कि भाजपा सरकार के राज में मुस्लिम समाज से भी ज्यादा अत्याचार आदिवासियों व दलित समाज के लोगों पर हो रहा है। बुलडोजर की मार भी सबसे ज्यादा इन लोगों पर पड़ रही है। मुसलमान का नंबर इन दोनों के बाद आता है।
उन्होंने कहा कि वे सबको बराबरी का हक दिलाने के लिए, जिसकी जितनी संख्या भारी, उतनी उसकी भागीदारी के सिद्धांत पर काम कर रहे हैं। संख्या के अनुसार लोकसभा, राज्यों की विधान सभाओं में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने थोपे गए प्रत्याशियों को अपना नेता न बनाने, सही व्यक्ति को ही अपना नेता बनाने का आह्वान किया।
मुफ्ती बिलाल अहमद की अध्यक्षता, तनवीर अख्तर के संचालन में कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती ओवैस अकरम, मुमताज अहमद, पूर्व मंत्री ओमवती, सेवानिवृत आईएएस आरके सिंह, डॉ़ सिकंदर, शेख अंजार, काजी अरशद मसूद, काष्ठ कला उद्यमी जुल्फकार आलम आदि मौजूद रहे।