संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार संगठन के सैकड़ों सदस्य जेल भरो आंदोलन के तहत जेल गेट पर पहुंच गए। जिन्हें समझा बुझाकर वापस किया गया तो वे धरने पर बैठ गए। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने आश्वासन धरना समाप्त किया।
रविवार को ठगी पीड़ित परिवार के जिला अध्यक्ष नरदेव सिंह ने बताया कि उनके साथ जमा के नाम पर विभिन्न कंपनियों ने ठगी की है। पीड़ित एक सितंबर से बिजनौर सहित देशभर में अलग अलग जगहों पर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को एक ज्ञापन देकर 21 सितम्बर तक मांगे पूरी नहीं होने पर जेल भरो आंदोलन का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद भी प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली।
अब रविवार को ठगी पीड़ित परिवार संगठन के सदस्य इकट्ठा होकर जेल भरो आंदोलन के लिए जेल पर पहुंचे, जिन्हें जेलर रविंद्र नाथ ने समझा बुझाकर वापस भेज दिया। इसके बाद वे लोग जेल के सामने तीन मूर्ति चौराहे पर धरना देकर पर बैठ गए। सूचना पर एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे और जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। इस मौके पर ममता देवी, सुरेश कुमार, हरपाल सिंह, रामनिवास सैनी, राजवीर सिंह, ऋषिपाल सिंह, सत्यपाल सिंह मौजूद रहे।