संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। गांव खानपुर खादर निवासी युवक ने चार लोगों पर विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर करीब ढाई लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है।
गांव खानपुर खादर निवासी दिनेश कुमार ने कोर्ट को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह गाड़ी ड्राइवर है। गांव खानपुर खादर निवासी हाल निवासी थाना धनौरा के गांव मोहनपुर निवासी मनोज कुमार व व मुरादाबाद के गांव नन्हूवाला निवासी शादाब जिन्हें वह पहले से जानता था चार सितंबर 2023 उसके घर आए। उसे सिंगापुर में 2400 सिंगापुर डालर प्रतिमाह के वेतन पर ड्राइवर की नौकरी लगवाने को कहा। जिसके लिए तीन लाख रुपये का खर्च बताया।
आरोपियों ने विश्वास बनाने के लिए 19 सितंबर 2023 को एक लिखित एग्रीमेंट इस बाबत बनवा दिया। आरोपियों पर विश्वास कर उसने अपनी पत्नी के नाम का एक प्लॉट बेचकर जिसमें दो लाख 55 हजार रुपये मिले गांव के ही दो लोगों के सामने आरोपियोंं को दे दिए। शेष देने का दबाव बनाया। तब उसने आरोपियों से दो दिन का समय मांगा।
इसी बीच आरोपियोंं द्वारा दिए गए टिकट आदि कागजात की सत्यता के बारे में पता निकलवाया तो सभी कागजात फर्जी निकले। जब पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने सारे पैसे लौटाने का वायदा किया तथा 19500 रुपये वापस कर दिए। मनोज ने अपनी पत्नी के खाते का 55000 का चेक दिया, जिससे उसका भुगतान नहीं हो सके।
चार जनवरी 2025 को दोपहर करीब ढाई बजे गांव खानपुर खादर के बाजार में शादाब, मनोज व धर्मेंद्र मिले तो जब उनसे अपना रुपया मांगा तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए उसके साथ धक्का मुक्की व मारपीट करने लगे।
शोर मचाने पर गांव के लोग आ जाने पर आरोपी पैसे नहीं लौटाने व जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।