नजीबाबाद में खराब ट्रांसफार्मर की जांच कराते जेई अरूण कुमार।
- फोटो : NAZIBABAD
तीन दिन में फुंके चार ट्रांसफार्मर, लोग परेशान
नजीबाबाद। भीषण गर्मी के साथ विद्युत ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं बढ़ रही हैं। खंड कार्यालय के निकट 30 घंटे के भीतर दो ट्रांसफार्मर फुंक गए। उधर नगर के बसंतीमाता और भवन क्षेत्र में भी ओवरलोड ट्रांसफार्मर फुंकने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
विद्युत निगम के खंड कार्यालय के निकट अजमल खां रोड पर 630 केवी क्षमता का का ट्रांसफार्मर बुधवार को फुंक गया है। बृहस्पतिवार देर रात मेरठ से आया ट्रांसफार्मर लगाया गया। शुक्रवार तड़के विद्युत आपूर्ति सुचारु होने के कुछ ही घंटों में दोबारा ट्रांसफार्मर फुंक गया। उधर नगर क्षेत्र के बसंतीमाता और भवन मंदिर स्थित 400 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार से फुंका हुआ है। ट्रांसफार्मर फुंकने और लो वोल्टेज की समस्या से जनजीवन और पेयजल व्यवस्था प्रभावित है। नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन मौअज्जम खां ने विद्युत निगम से नगरपालिका का डेढ़ माह से जाब्तागंज में विद्युत निगम द्वारा उपयोग किया जा रहा 630 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर नए ट्रांसफार्मर की व्यवस्था होने तक खंड कार्यालय के निकट लगाने तथा जाब्तागंज में 400 केवी का ट्रांसफार्मर देने की मांग की है। विद्युत निगम के एसडीओ विकास कुमार एवं जेई अरुण कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी लो वोल्टेज और अतिरिक्त विद्युत भार के कारण एक सप्ताह के भीतर नगर और ग्रामीण क्षेत्र के कई ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं। मुख्यालय पर ट्रांसफार्मर उपलब्ध न होने पर मेेरठ और मुरादाबाद से व्यवस्था जुटानी पड़ रही है।