जिले के चार लोग भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में शामिल
बिजनौर। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में जिले के चार नेताओं को शामिल किया गया है। भाजपा नेताओं को संगठन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह द्वारा जारी सूची में पूर्व सांसद यशवीर धोबी, यशवंत सिंह व भारतेंद्र सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता कविता चौधरी को प्रदेश कार्यसमिति में शामिल किया है। कविता चौधरी और पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह जाट समाज से हैं, तो यशवंत सिंह व यशवीर धोबी अनुसूचित समाज से आते हैं। कविता चौधरी 2012 में चांदपुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। भारतेंद्र सिंह बिजनौर विधानसभा सीट से दो बार विधायक व बिजनौर लोकसभा सीट से एक बार सांसद रह चुके हैं। यशवंत सिंह और यशवीर धोबी नगीना सीट से सांसद रहे हैं। यशवंत धोबी सपा से सांसद बने थे। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में सपा को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था।
पार्टी हाईकमान ने इन नेताओं को संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी दी है। चारों नेता जनता में गहरी पैठ रखते हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव आ रहे हैं और विधानसभा चुनाव अगले साल होने हैं। ऐसे में इन दोनों नेताओं को संगठन की जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी को मजबूत करने की रणनीति बनाई गई है।