नहटौर/कादराबाद। अलग-अलग जगहों पर दो वर्षीय बच्ची सहित चार लोगों को सांप ने डस लिया। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
मोहल्ला सराय जोखा निवासी फैज (15) पुत्र मो. कासिम शनिवार की रात करीब नौ बजे घर से बाहर सड़क पर टहल रहा था। इस दौरान उसे सांप ने डस लिया। मोहल्ला होलीयान निवासी संतोष (45) पत्नी रोहिताश रविवार की सुबह करीब नौ बजे पशुओं के लिए चारा काट रही थी। इसी दौरान उसे सांप ने डस लिया।
गांव दबथला निवासी वैष्णवी (2 वर्ष) पुत्री रविकांत रविवार को करीब 11 बजे घर के आंगन में खेलते समय सांप ने डस लिया।
सर्पदंश के सभी पीड़ितों को परिजनों द्वारा सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
कालागढ़ निवासी कैलाश का तीन वर्षीय पुत्र भव्य घर के बाहर खेल रहा था। वहां घास में छिपे सांप ने बालक भव्य के पांव में डस लिया। सीएचसी में करीब तीन से चार घंटे बाद बालक की हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष कुमार आर्य ने बताया कि सर्पदंश का एक मात्र उपचार एंटी स्नेक वेनम ही है।
उन्होंने लोगों से इधर-उधर न भटककर, झाड़फूंक के चक्कर में न पड़ते हुए रोगी को लेकर सीधे सरकारी अस्पताल मेंं आने की अपील की।