किले के मुख्यद्वार और संपर्क मार्ग खस्ताहाल, भरा पानी
नजीबाबाद। नवाब नजीबुद्दौला के बनाए सुल्ताना डाकू के नाम से मशहूर किले के मुख्यद्वार और आसपास के खस्ताहाल मार्ग पर पानी भरने से किला घूमने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुल्ताना डाकू के नाम से दूर-दूर तक पहचान रखने वाला पत्थरगढ़ का किला पुरातत्व विभाग और प्रशासन की उपेक्षा का शिकार है। किले के आलीशान मुख्यद्वार पर बड़े-बड़े गड्ढों में हाल ही में हुई वर्षा का पानी भरा हुआ है। गांव घिसटपुरी से किले के मुख्यद्वार तक जाने वाला मार्ग भी कई स्थानों पर खस्ताहाल है। खस्ताहाल संपर्क मार्ग पर भी पानी भरा हुआ है।
नजीबाबाद नगर क्षेत्र से मात्र दो किलोमीटर के फासले पर गांव महावतपुर में स्थित किले की कलात्मक कारीगरी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सैरसपाट और घूमने के लिए आते हैं। रविवार, बृहस्पतिवार और अन्य अवकाश के दिन किले में काफी चहल-पहल रहती है। किले के मुख्यद्वार और संपर्क मार्ग पर गड्ढों में पानी भरा होने से किला घूमने आने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा नेता राजीव अग्रवाल, समाजसेवी हाजी नौशाद अख्तर, कारोबारी नकुल अग्रवाल ने पुरातत्व विभाग की उपेक्षा से ऐतिहासिक किले की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा के लिए ठोस प्रबंध करने की मांग की है।