पूर्व विधायक व उनके भाइयों पर वफ्फ की जमीन कब्जाने का आरोप
शेरकोट/धामपुर (बिजनौर)। बढ़ापुर विधानसभा से बसपा के पूर्व विधायक मोहम्मद गाजी की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। नगर के एक व्यक्ति ने उच्चाधिकारियों सहित पुलिस को दी तहरीर में पूर्व विधायक व उनके तीन भाइयों पर वफ्फ अलल औलाद की संपत्ति को फर्जी तरीके से अपने नाम कराने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने शेरकोट थाने में तहरीर दी है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला शेखान निवासी रफतउल्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव रामबढ़ी खसरा नंबर 15,16,17 क ,19, 22, 23 क तथा 24 के मालिक शेख सिगब्ततुल्ला पुत्र शेख अजमतुल्ला थे। यह संपत्ति उनकी दादालही थी। जिसकी उन्होंने 8 नवंबर 1933 को वफ्फ अलल औलाद के नाम रजिस्ट्री कर दी थी। अपने जीवन काल में वे इसके मुतवल्ली रहे। उनकी मौत के बाद उनके पुत्र रफीउल्ला इसके मुतवल्ली बने। इनकी मौत के बाद अब वे इसके मुतवल्ली हैं। वायुसेना में नौकरी करने के कारण वह अधिकतर समय मेघालय प्रांत में रहे। आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठा पूर्व विधायक मोहम्मद गाजी व उनके तीन भाइयों ने गैरकानूनी तरीके से खतौनी में अपने नाम दर्ज करा लिए और संपत्ति को फरोख्त करना शुरू कर दिया। अब जब वह अपनी आराजी की देखभाल करने शेरकोट आए तो उसे इस जालसाजी की जानकारी हुई। एसओ संजय कुमार पांचाल का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि इससे पहले पूर्व विधायक व उनके भाइयों के खिलाफ मंडावर थाने में जमीन को कब्जाने के आरोप में रिपोर्ट कायम हो चुकी है।
पूर्व विधायक गाजी के खिलाफ एक और रिपोर्ट दर्ज
मंडावली। गांव राहतपुर निवासी राम सिंह ने मंडावली थाने में बढ़ापुर विधान सभा क्षेत्र के पूर्व विधायक शेरकोट निवासी मो. गाजी के खिलाफ शनिवार की देर रात रिपोर्ट दर्ज कराई है। राम सिंह का आरोप है कि उसकी खसरा नंबर 24 में स्थित तीन बीघा कृषि भूमि पर वर्ष 2011 में मोहम्मद गाजी उनके भाई मोहम्मद कमाल व मोहम्मद दानिश ने अवैध रूप से कब्जा कर चार मीनार स्टोन क्रेशर लगा लिया था। तब से लगातार कृषि भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की जा रही है, लेकिन मो.गाजी और उसके भाइयों ने जमीन को कब्जामुक्त नहीं किया। राम सिंह की ओर से दर्ज की गई रिपोर्ट में मो.गाजी और उनके भाइयों पर जमीन को कब्जा मुक्त करने का दबाव बनाने पर 10 लाख रुपये की मांग करने, जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मंडावली थानाध्यक्ष संदीप त्यागी ने बताया कि वादी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। एक सप्ताह के भीतर पूर्व विधायक मो.गाजी के खिलाफ जमीन पर अवैध कब्जा करने की मंडावली थाने में तीसरी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सभी आरोप निराधार हैं। मैने किसी की जमीन में हेराफेरी नहीं की है, न ही कब्जा किया है। कुछ लोग मुझे राजनीतिक षड्यंत्र के तहत फंसाने के प्रयास में लगे हैं। वह इन मामलों को लेकर हम कोर्ट में जाएंगे। एक एक केस का कोर्ट में सबूतों के साथ आरोपियों को जवाब दिया जाएगा
- मोहम्मद गाजी, पूर्व विधायक।