पूर्व बसपा नेता गौहर इकबाल ने थामा रालोद का दामन
नूरपुर। पूर्व बसपा नेता गौहर इकबाल ने रालोद का दामन थाम लिया है। सोमवार को गांव मंझौला बिल्लोच में हुए एक कार्यक्रम में रालोद जिलाध्यक्ष राहुल चौधरी व अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में गौहर इकबाल ने अपने समर्थकों सहित रालोद की सदस्यता ग्रहण की।
सोमवार को उनके गांव मंझौला बिल्लोच में आयोजित एक कार्यक्रम में रालोद के जिलाध्यक्ष राहुल चौधरी व अन्य पदाधिकारियों ने पूर्व बसपा नेता गौहर इकबाल व उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। गौहर इकबाल की गिनती बसपा के कद्दावर नेताओं में की जाती थी। वह बसपा से दो बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अलावा वह पार्टी में विभिन्न पदों पर भी रहे हैं। एक बार उन्होंने महान दल से भी चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं मिली।
इस दौरान पूर्व विधायक नवाजिश आलम ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी सभी परेशान हैं। किसान विरोधी कानूनों को वापस लेने के लिए पिछले छह माह से किसान धरने पर बैठे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। पूर्व सांसद मुंशी रामपाल ने कहा कि गौहर इकबाल के रालोद में आने से पार्टी की मजबूती मिलेगी। जिलाध्यक्ष राहुल चौधरी की अध्यक्षता व अजयवीर चौधरी के संचालन में हुए कार्यक्रम को पूर्व विधायक सुखवीर सिंह, अशोक चौधरी, महावीर सिंह आदि ने संबोधित किया।