अमानगढ़ वन्य क्षेत्र में घूमते तीन भालू। स्राेत वन विभाग
बिजनौर, अफजलगढ़/रेहड़। तापमान में वृद्धि होने के साथ ही गर्मी में प्यास बुझाने के लिए वन्य जीव पानी की तलाश में बाहर निकलने लगे हैं। गर्मी के मौसम को देखते हुए वन विभाग की ओर से कृत्रिम तालाबों का निर्माण कराया गया है, ताकि वन्य जीवों के लिए पानी पीने की समुचित व्यवस्था हो सके।
ऐसे में कक्ष संख्या तीन में पिछले एक सप्ताह से पानी की तलाश में कच्चे तालाब के समीप देखे जा रहे तीन भालू आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। गस्ती दल के फूल सिंह, घनश्याम सिंह, साजिद अली और रामकिशोर सिंह आदि ने इनको देखा। उन्होंने बताया की रेंज में एक दर्जन से अधिक भालू हैं। जबकि लगातार दिखाई दे रहे ये ये तीन भालू संभवत एक ही परिवार के हैं। उन्होंने बताया कि गर्मी बढ़ते ही रेंज में वन्यजीवों के लिए पानी की उचित व्यवस्था कराई जाती है जिससे वे पानी पीकर अपनी प्यास बुझा सकें।
वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में वन्य जीवों के पानी पीने के लिए 25 कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं, जिनमें पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। तालाबों में पानी की कमी होने पर उन्हें टैंकर द्वारा पानी भरकर पूरा कर दिया जाता है। मुख्यत: कच्चे तालाबों पर बड़ी संख्या में वन्य जीव पानी पीने के लिए आते हैं। साथ ही कॉर्बेट टाइगर रिजर्व रेंज से भी वन्य जीव पानी की तलाश में अमानगढ़ रेंज में इन जल स्रोतों के पास आ जाते हैं।