वन विभाग तलाश रहा हाथी के बच्चे का परिवार
बढ़ापुर। एक दिन पूर्व जंगल में अपने हाथियों के झुंड से बिछड़ कर क्षेत्र के गांव बहेड़ी पहुंचे हाथी के बच्चे को वन विभाग उसके परिवार से मिलाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन अभी कोई सफलता नहीं मिली है।
क्षेत्र का गांव बहेड़ी बढ़ापुर वन रेंज की सीमा से सटा है। रविवार रात हाथी का एक बच्चा जंगल में अपने झुंड से बिछड़ कर गांव बहेड़ी निवासी उमेश सैनी की पशुशाला में आ गया था। पड़ोसी किसान वीर सिंह हाथी के बच्चे को अपने साथ अपने डेरे पर ले गया था। सूचना मिलने पर बढ़ापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल कुमार व साहूवाला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत हाथी के बच्चे को उसके परिवार हाथियों के झुंड से मिलाने छोटा हाथी में लादकर जंगल ले गए थे। दोनों रेंज के वन क्षेत्राधिकारियों के साथ वन टीम पूरी रात जंगल में हाथियों के झुंड की तलाश में लगी रही लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
बढ़ापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल कुमार कहना है कि उच्च वनाधिकारियों के निर्देश पर हाथी के बच्चे को उसके परिवार से मिलाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। मंगलवार को हाथी के बच्चे को बढ़ापुर रेंज की बगनला चौकी पर ले जाया गया है। चौकी क्षेत्र के जंगल में रात्रि समय हाथियों के झुंड आते रहते है। जंगल में हाथियों का झुंड दिखायी देने पर हाथी के बच्चे को उसके परिवार से मिलाने का प्रयास किया जाएगा।