बिजनौर : नजीबाबाद में प्रॉपर्टी डीलर की नहर से मिली कार की जांच करती फॉरेंसिक टीम।
- फोटो : NAZIBABAD
फोरेंसिक टीम ने नहर से मिली कार के लिए नमूने
नजीबाबाद /मंडावली (बिजनौर)। नगर के प्रॉपर्टी डीलर जहांगीर का छठे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा है। बिजनौर से आई फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और नहर से बरामद कार की बारीकी से जांच की।
नगर के सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मोहम्मद फैसल के तहेरे भाई और प्रॉपर्टी डीलर जहांगीर नौ सितंबर को शाम सात बजे अपनी कार से देहरादून से नजीबाबाद के लिए रवाना हुए थे। उनकी अंतिम लोकेशन रात्रि लगभग 8:32 बजे मंडावली के गूढ़ा क्षेत्र में मिली, जिसके बाद परिजनों और पुलिस ने हादसे की आशंका के चलते पूर्वी नहर में तलाश कराई। इस दौरान नहर से कार तो बरामद हो गई लेकिन उनका सुराग नहीं लगा है। गोताखोर लगातार प्रॉपर्टी डीलर की तलाश रहे हैं।
मंडावली पुलिस ने बिजनौर से फोरेंसिक टीम बुलाई। टीम प्रभारी रामदास, अजय, प्रेमपाल घटनास्थल का निरीक्षण कर नहर से बरामद कार की फरीदनगर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने हाजी मोहम्मद फैसल, शाहबाज और शादाब की मौजूदगी में कार से कुछ नमूने भी लिए। प्रॉपर्टी डीलर का शव मिलने से परिजनों की बेचैनी और आशंकाएं बढ़ रही हैं।