फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए सुरक्षा चाक चौबंद

Thu, 09 Feb 2017 11:43 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बिजनौर
विज्ञापन
बिजनौर के वर्धमान कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा के लिए तैयार किया गया मंच। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
बिजनौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिजनौर में चुनावी जनसभा करने आ रहे हैं। इसके मद्देनजर सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है। पीएम की सभा के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अधिकारी तैनात रहेंगे। कई जिलों के आला अफसरों ने बिजनौर में डेरा डाल दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिजनौर के वर्धमान कॉलेज में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान सभास्थल से लेकर हैलीपेड तक चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। गाजियाबाद, लखनऊ, अमरोहा, मुरादाबाद, बदायूं, बरेली समेत तमाम जिलों से पुलिस फोर्स के साथ अफसरों ने बिजनौर में डेरा डाल दिया है। अफसर जनसभा की तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। सभास्थल व हैलीपैड सुरक्षा बलों के हवाले कर दिया है। साफ-सफाई का काम भी तेजी से चल रहा है।
विज्ञापन

प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर आईटीआई के मैदान में उतरेगा। वहां से वर्धमान कॉलेज का मैदान करीब एक किलोमीटर दूर है। प्रधानमंत्री हेलीपैड से कड़ी सुरक्षा के बीच कार से वर्धमान कॉलेज पहुंचेंगे। इसके लिए आईटीआई  से लेकर वर्धमान कॉलेज तक सड़क के दोनों ओर का अतिक्रमण हटवा दिया गया है। सड़क किनारे लगे होर्डिंग्स भी हटाए गए हैं। बिजली के ढीले पड़े तारों को खींचने व बदलने का काम तेजी से चल रहा है। पेड़ों का छंटाई भी की जा रही है। आईटीआई के अंदर हैलीपैड के पास से बिजली का खंभा हटा दिया गया है। कई पेड़ काट दिए गए हैं। एसपी अजय साहनी के मुताबिक, प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए 15 आईपीएस अधिकारी, 15 एडिशनल एसपी, 35 सीओ, 500 एसआई, 20 महिला दरोगा, 50 इंस्पेक्टर, 1500 सिपाही, 400 महिला सिपाही, 1500 पीएसी के जवान लगाए गए हैं।

हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे हरिद्वार
प्रधानमंत्री शुक्रवार को हेलीकॉप्टर से 12 बजे बिजनौर आएंगे। एक बजे सभा को संबोधित कर वे हेलीकॉप्टर से हरिद्वार के लिए रवाना हो जाएंगे। एसपी अजय साहनी व एडीएम प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल ने इसकी पुष्टि की है।

सड़क से तोड़ दिए गए स्पीड ब्रेकर
प्रधानमंत्री को आईटीआई से वर्धमान कॉलेज के मैदान में आते समय कार में तनिक भी झटका न लगे, इसका भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है। रास्ते में टूटी-फूटी सभी सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है। हेलीपैड से लेकर मुख्य सड़क तक कॉलेज के रास्ते को ठीक किया जा रहा है। आईटीआई  की टूटी मुख्य बाउंड्री को बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है। वर्धमान कॉलेज के मैदान से पहले रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर बने स्पीड ब्रेकर तोड़कर सड़क को समतल कर दिया गया है। रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर टूटी सड़क को भी ठीक किया जा रहा है।

नगीना मार्ग रहेगा पूरी तरह बंद
पीएम की जनसभा के मद्देनजर नगीना मार्ग शुक्रवार को सुबह आठ बजे से पूरी तरह बंद रहेगा। प्रधानमंत्री का उड़नखटोला उड़ने के बाद यह मार्ग खोला जाएगा। इस मार्ग पर आने वाले वाहन चक्कर रोड से निकाले जाएंगे। शुगर मिल के आसपास रहने वाले लोग भी चक्कर रोड से आ-जा सकेंगे। जनसभा के दौरान सेंट मेरी स्कूल से शास्त्री चौक तक नजीबाबाद रोड पूरी तरह बंद रहेगा। इस मार्ग के वाहन भी चक्कर रोड से निकलेंगे। नजीबाबाद मार्ग से वर्धमान कॉलेज के अंदर आने की किसी को इजाजत नहीं होगी। सभा में लोग रेलवे स्टेशन के रास्ते से ही आ-जा सकेंगे।

यहां होगी वाहन पार्किंग
बैराज की ओर से आने वाले वाहनों के लिए खोखरा ग्राउंड, नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों के लिए इंद्रलोक कॉलोनी, सरोजनीनगर कॉलोनी, मंडावर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए सेंटवीक कॉलोनी में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। नजीबाबाद मार्ग पर छोटे वाहनों के लिए खाली पड़े मैदान में पार्किंग की व्यवस्था हुई है। इस मैदान में ही पहले हेलीपैड बनाए जाने थे।

शुगर मिल में बंद रहेगी गन्ने की तौल
प्रधानमंत्री को आईटीआई  से वर्धमान कॉलेज आना है। आईटीआई  के पास शुगर मिल है। यहां किसान दिन-रात ट्रैक्टर-ट्रॉली व भैंसा-बुग्गी से गन्ना डालते हैं। रोज इस मार्ग पर जाम के हालात बने रहते हैं। शुक्रवार को मिल पर गन्ना भी नहीं आएगा। प्रधानमंत्री की चुनावी सभा खत्म होने के बाद किसान गन्ना लेकर मिल पर आ सकते हैं। शुगर मिल के प्रशासनिक अधिकारी एके सिंह के अनुसार, बृहस्पतिवार रात 12 बजे से शुक्रवार अपराह्न तीन बजे तक मिल में गन्ने की तौल नहीं होगी। सभा के दौरान कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली या भैंसा-बुग्गी तुलने से रह जाती है तो उसे डंपिंग ग्राउंड में खड़ा कराया जाएगा। सभा खत्म होने के बाद ही ये किसान घर जाएंगे।

रेलवे फाटक पर फंस सकते हैं पीएम
वर्धमान कॉलेज के रास्ते में रेलवे फाटक पड़ता है। सामने रेलवे स्टेशन भी है। 12:25 बजे गढ़वाल एक्सप्रेस दिल्ली से कोटद्वार के लिए जाती है। इस दौरान फाटक बंद रहता है। प्रधानमंत्री को भी फाटक से गुजरकर सभास्थल तक पहुंचना है। स्टेशन अधीक्षक अरविंद कुमार के मुताबिक, अभी ट्रेन द्मड्ड किसी पिछले स्टेशन पर रोकने का कोई आदेश नहीं आया है। आदेश नहीं आया तो सभा के दौरान भी ट्रेन स्टेशन पर आएगी।

दिनभर मंडराए उड़नखटोले
प्रधानमंत्री की चुनावी सभा के मद्देनजर बृहस्पतिवार को दिनभर उड़नखटोले आसमान में मंडराते रहे। वायु सेना के दो हेलीकॉप्टर दोपहर दो बजे के बाद बिजनौर शहर के अलावा आसपास के कस्बों तक के आसमान में मंडराते रहे। दोनों हेलीकॉप्टर हैलीपैड पर उतारे गए। एसपीजी के अफसरों ने प्रधानमंत्री की जनसभा की तैयारी के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस व प्रशासन के आला अफसरों से बात की। कई बार ये हेलीकॉप्टर बिजनौर आते-जाते रहे।
विज्ञापन


पुलिस अफसरों, कर्मचारियों को बांटी ड्यूटी
वर्धमान कॉलेज में मंच पूरी तरह तैयार है। मैदान में कुर्सियां डाल दी गई हैं। सभा के सभी इंतजाम पूरे हो गए हैं। आईजी विजय सिंह मीणा व डीआईजी ओंकार सिंह, डीएम जगतराज, एसपी अजय सहित तमाम अफसरों ने सभास्थल पर ड्यूटी करने वाले पुलिस अफसरों की बैठक ली। इस दौरान उन्हें ड्यूटी बांटी गईं। दिनभर सभास्थल पर हर ओर खाकी ही खाकी नजर आई। अफसर पूरे दिन वहां जमे रहे। इसके अलावा, प्रशासनिक अफसरों को भी ड्यूटी बांटी गईं। एसपी अजय साहनी के मुताबिक, सभास्थल के आसपास के मकानों की रात में और सभा से पहले सर्चिंग कराई जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें