फूड टीम ने अभियान चलाकर नमूने लिए, जांच को भेजे
बिजनौर। होली त्यौहार के अवसर पर आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में पांच प्रतिष्ठानों से पांच नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला को भेज दिया।
शुक्रवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी सिंह के नेतृत्व में टीम ने जिले में पांच स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के गांव गंज दारा नगर स्थित कान्हा स्वीट्स से बंगाली रसगुल्ला, यहीं के गफ्फार जनरल स्टोर से नमकीन का नमूना, गांव सिकंदरी निवासी सुधीर कुमार के छाछरी मोड़ स्थित सुधीर किराना स्टोर से बेसन का नमूना, यहीं के छत्रपाल मिष्ठान भंडार से खोया का नमूना, छाछरी टीप के संजीव किराना स्टोर से स्वास्तिक फूड प्रोडक्ट्स, गढ़ रोड मेरठ द्वारा निर्मित शशिधर ब्रांड का ब्लेंडेड एडिबल वेजिटेबल फैट (दो या दो से अधिक खाद्य तेलों को मिलाकर बनाया जाने वाला वसा) का नमूना लेकर जांच के लिए राजकीय विश्लेषण प्रयोगशाला को भेज दिया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञदत्त आर्य, कमलेश कुमार, हितेंद्रपाल सिंह, तेजबहादुर सिंह, मोहित कुमार शामिल रहे।