रहीमपुर में पीडब्लूडी के एई से वार्ता करतीं विधायक सुचि चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में सड़क का उद्घाटन करने जा रही भाजपा विधायक सुचि मौसम चौधरी ने गांव रहीमपुर में जलभराव देखकर मौके पर गाड़ी रुकवा ली। उन्होंने पीडब्लूडी के एई को तुरंत मौके पर बुलवाकर दो घंटे के अंदर सामान मंगवाकर पानी की निकासी कराने के आदेश दिए।
विधायक से सोमवार सुबह गांव रहीमपुर के ग्रामीणों ने गांव में जलभराव की शिकायत की थी। विधायक ने दोपहर को गांव रावली और ब्रह्मपुरी में विधायक निधि से बनाई सड़कों का उद्घाटन किया और जनसमस्याएं सुनीं। इसके बाद विधायक वहां से सीधे गांव रहीमपुर पहुंच गईं। विधायक को देखकर ग्रामीण इकट्ठे हो गए और अपनी समस्याएं बताईं। ग्रामीणों ने कहा कि मुख्य मार्ग के पास अंडरग्राउंड पाइप न बिछे होने से पानी की निकासी नहीं होती है। बरसात के मौसम में उनकी समस्या और बढ़ गई है।
विधायक ने तुरंत पीडब्लूडी के एई सतेंद्र कुमार को मौके पर बुला लिया। विधायक ने कहा कि गांव की जलभराव की समस्या तुरंत दूर होनी चाहिए। उन्होंने जेई को दो घंटे के अंदर सामान मंगवाकर अंडर ग्राउंड पाइप सड़क के बीच में डालकर जल निकासी की व्यवस्था करने और सड़क की मरम्मत के निर्देश दिए। एई ने दो घंटे में ही पाइप आदि सामान मौके पर मंगवाकर काम शुरू करा दिया। इस दौरान ग्राम प्रधान ताहर सिंह, चंपत सिंह, लोकेश, सतेंद्र प्रधान, विरेंद्र सिंह, श्रवण कुमार, मानव सचदेवा, मनदीप आदि मौजूद रहे।