नगीना/कोतवाली देहात/ धामपुर में भारतीय किसान यूनियन की बैठक में किसानों की विभिन्न कृषि संबंधी समस्याओं के निस्तारण करने की मांग की गई।
किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान करने, बिजली की वृद्धि दरों को वापस लेने बिजनौर व चांदपुर चीनी मिल का मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने, 60 वर्ष से अधिक आयु वाले किसानों को पेंशन दिलाने की मांग की गई। ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी समरपाल सिंह की अध्यक्षता व नितिन सिरोही के संचालन में हुई बैठक में चौधरी ब्रह्मपाल सिंह, महावीर सिंह, डॉ. योगेंद्र सिंह, परवेंद्र सिंह, विनोद कुमार, राम सिंह, धर्मपाल सिंह, राजवीर सिंह, लाखन सिंह, ओमप्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।
कोतवाली देहात में भारतीय किसान यूनियन भानु की बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष नरेश प्रधान ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के विरुद्ध कार्य कर रही है। गन्ने का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोतवाली ब्लॉक ओर स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली में भ्रष्टाचार की जड़े दिन प्रति दिन मजबूत होती जा रही हैं, इसकी जांच की जानी चाहिए। सरकार की ओर से किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ किया जाए और बिजली की बढ़ी दरों को सरकार शीघ्र वापस ले । किसानों के गन्ने का भुगतान 15 दिन के अंदर ब्याज सहित किया जाना चाहिए।
जिलाध्यक्ष विजयपाल ने एक ज्ञापन एसडीएम के माध्यम से डीएम को भेजा। जिसमें समस्याओं के समाधान की मांग की गई। नरेश चौधरी, शिवकुमार, अमरपाल सिंह ,देवेंद्र त्यागी, हमीदुल्ला, राम कुमार ,छत्रपाल देवराज सिंह, सुभाष सिंह, जगत सिंह, डाॅ. पीतांबर सिंह, नितिन चौधरी आदि ने संबोधित किया।
भाकियू की पंचायत में समस्याओं पर मंथन
धामपुर में भाकियू की बैठक में किसानों ने 23 सितंबर को दिल्ली में होने वाली महापंचायत को सफल बनाने का संकल्प लिया। तहसील में आयोजित बैठक की अध्यक्षता चौधरी बलवीर सिंह और संचालन महासचिव हरिराज सिंह ने किया। किसानों ने गन्ना मूल्य का भुगतान जल्द कराने, विद्युत निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार समाप्त करने, धामपुर-नहटौर मार्ग पर बंद नहर को चालू कराने, गन्ना समिति के अधिकारियों के शोषण से किसानों को मुक्त कराने की मांग की है। लेखराज सिंह ने कहा कि विद्युत निगम के अधिकारियों ने तो चेकिंग के नाम पर अति कर रखी है। बैठक में संजीव कुमार, राजेंद्र सिंह, रामकुमार सिंह, कविराज सिंह, दिनेश सिंह, विमल कुमार, हरिराज सिंह, लेखराज सिंह, जाकिर हुसैन आदि मौजूद रहे।
भारतीय किसान संघ ने किया प्रदर्शन
बिजनौर में भारतीय किसान संघ ने किसानों की छह सूत्रीय मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र एसडीएम सदर को सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह, मदन पाल सिंह, सुरेश सिंह आदि के नेतृत्व में किसान कलक्ट्रेट में एकत्रित हुए तथा किसानों की मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे। किसानों ने चड्ढा ग्रुप की बिजनार व चांदपुर चीनी मिलों की मरम्मत शीघ्र कराने की मांग की। मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को मांग पत्र सौंपा गया। पत्र में कहा गया है कि गन्ने की पेराई का सत्र समाप्त हो गया है तथा चीनी मिले किसानों को करोड़ों रुपये दबाए बैठी हैं। ब्याज सहित किसानों के गन्ने की बकाया का अविलंब भुगतान कराया जाए। चड्ढा ग्रुप की चीनी मिलों की मरम्मत कराई जाए। जनपद की बिजली की जर्जर लाइनों को ठीक कराया जाए। अवैध खनन को बंद कराया जाए। कर्ज माफी योजना में जिन पात्र किसानों को लाभ नहीं मिला है उन्हें लाभ दिलाया जाए। बिजली के बढ़े दामों को वापस लेने तथा किसानों की लंबित मांगों को पूरा कराया जाए। इस मौके पर किसान संजीव कुमार, रमेश कुमार, चौधरी लाखन सिंह, लाल सिंह, राम गोपाल सिंह, हिमांशु चाहर, ओमकार त्यागी सहित कई किसान मौजूद रहे।