-नगीना देहात थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम हादसा
- सड़क किनारे बैठकर बात कर रहे थे पांचों लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना (बिजनौर)। अनियंत्रित हुए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रास्ते किनारे बैठकर बात कर रहे पांच लोगों को टक्कर मार दी। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक मौके पर ही ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
नगीना देहात क्षेत्र के ग्राम साबूवाला में शनिवार की शाम को साबूवाला निवासी विशाल (24), जॉनी, पंकज, मोनू व विकास गांव की गली में बैठे हुए आपस में बात कर रहे थे। तभी ग्राम टांडा माईदास की तरफ से साबूवाला निवासी वीरेंद्र ट्रैक्टर चलाकर गांव में आ रहा था।
बताया गया कि जैसे ही वह गांव के बीच आया तो तेज गति में होने के कारण ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रैक्टर ने पांच लोगों को टक्कर मार दी। चालक घटना के बाद ट्रैक्टर को छोड़कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को पास में ही कोटद्वार स्थित अस्पताल ले गए। कोटद्वार में चिकित्सकों ने विशाल कुमार को मृत घोषित कर दिया। बाकी लोगों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटना के बाद ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।