- वाहनों और ट्रेन में चलाया तलाशी अभियान, रातभर अलर्ट रही पुलिस
- प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर जिले में बरती जा रही सतर्कता
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। अयोध्या धाम में श्री रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बिजनौर में भी सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर रही। रात में 12 बजे से लेकर पांच बजे तक एक साथ 54 स्थानों पर पुलिस ने चेकिंग की। एक ट्रेन और 130 वाहनों की तलाशी ली गई। वहीं 145 संदिग्ध व्यक्तियों भी पुलिस की चेकिंग से होकर गुजरे।
रविवार को सुबह से लेकर शाम होने तक निकाले गए राम जुलूस और शोभायात्रा को लेकर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता रहे। पुलिस की मौजूदगी में जुलूस निकाले गए। भीड़भाड़ और जुलूस को लेकर पुलिस ने बिजनौर शहर में सिविल लाइन में ई रिक्शा और चार पहिया वाहनों की नो एंट्री रही।
शाम ढलने के बाद पुलिस ने जिलेभर के होटल, ढाबों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य बॉर्डर पर चेकिंग अभियान चलाया। एसपी नीरज कुमार जादौन की अगुवाई में एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, एएसपी देहात राम अर्ज अपने अपने सुपर जोन में लगातार भ्रमणशील रहे।
उधर, शनिवार की रात 12 बजे से रविवार की सुबह तक भी चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने एक साथ 54 स्थानों पर चेकिंग की और संदिग्ध लोगों पर नजर रखी। बता दें कि अयोध्या उत्सव को लेकर जिले में सेक्टर व्यवस्था को लागू किया गया है। जिले को तीन सुपर जोन, छह जोन, 21 सेक्टर और 146 सब सेक्टर में बांटा गया है।