डकैती की फिराक में बैठे पांच बदमाश दबोचे
बिजनौर। चांदपुर पुलिस ने गुड़ व्यापारी के यहां डकैती डालने की फिराक में बैठे पांच बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान दबोचा है। बदमाशों के पास से एक देशी बंदूक, चार तमंचे, कार व दस हजार रुपये की नगदी बरामद हुई है।
एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक चांदपुर पुलिस ने बुधवार रात चांदपुर मंडी समिति के पीछे डकैती डालने की फिराक में बैठे पांच बदमाशों को दबोचने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर गोली चला दी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए चांदपुर के गांव चेहला निवासी दीपक, दिल्ली के थाना स्वरूपनगर के मोहल्ला विजय कॉलोनी कादी विहार निवासी प्रमोद कुमार, हल्दौर थाने के गांव इनामपुरा निवासी फरमान, खतापुर निवासी देशराज व गांव तकीपुरा निवासी नरेंद्र को दबोच लिया। बदमाशों के कब्जे से 315 बोर के चार तमंचे, दस कारतूस व तीन खोखे, 12 बोर की एक देशी बंदूक, चार कारतसू व एक खोखा, दस हजार रुपये नगद व कार बरामद की है।
बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वह समाज की नजरों से छिपकर चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। 28 अक्तूबर को उन्होंने चांदपुर के मोहल्ला पतियापाड़ा में एक बंद मकान के ताले तोड़कर चोरी की थी। हर सदस्य के हिस्से में नौ-नौ हजार रुपये आए थे। बरामद दस हजार रुपये चोरी के हैं। लूट व डकैती की घटनाओं में वह बरामद कार को इस्तेमाल करते थे। चांदपुर के एक गुड़ व्यापारी राजवीर के यहां डकैती डालने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।