प्रॉपर्टी डीलर भूपेंद्र सिंह की मौत के बाद अस्पताल के बाहर जमा भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में प्राॅपर्टी डीलर और फाइनेंसर भूपेंद्र सिंह की संदिग्ध हालत में गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
शहर के मोहल्ला नई बस्ती में रहने वाले भूपेंद्र सिंह रोजाना की तरह मंगलवार सुबह बैराज मार्ग स्थित वैष्णो विहार कालोनी में गए थे।
परिजनों और शुभचिंतकों के मुताबिक कालोनी में स्थित मंदिर में सुबह करीब साढे़ नौ बजे भूपेंद्र सिंह अपनी पत्नी, मां, ममेरे भाई और उसकी पत्नी के साथ पूजा करने गए थे। बताया जा रहा है कि ममेरे भाई के पास राईफल थी। मंदिर से लौटते वक्त ममेरे भाई का पैर फिसल गया और वह गिर गया।
जमीन पर राईफल टकराने के दौरान ही अचानक चली गोली भूपेंद्र सिंह को जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर जा गिरे। परिजनों में कोहराम मच गया। उन्हें तुरंत एक निजी नर्सिंग होम लग जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भूपेंद्र सिंह तीन भाईयो में सबसे बड़े थे। छोटे भाई नीरज मलिक का मेडिकल स्टोर है। सबसे छोटा भाई अनुज मलिक सामाजिक कार्यकर्ता है। भूपेंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी, बेटा और बेटी समेत बड़ा परिवार छोड़ गए हैं।
भूपेंद्र सिंह की मौत के बाद काफी संख्या में लोग नई बस्ती स्थित उनके आवास पर जुट गए। भूपेंद्र सिंह एक मिलनसार व्यक्ति थे। भूपेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार बुधवार को होगा। भूपेंद्र सिंह मूल रूप से गांव सुंदरपुर के रहने वाले थे।