जन्मदिन पार्टी में फायरिंग, गोली लगने से बालक की मौत
बिजनौर। जन्मदिन पार्टी में डीजे पर डांस के वक्त हुए विवाद में तीन युवकों ने तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली डांस देख रहे दस वर्षीय बालक को जा लगी। गोली लगने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई। बालक अपने ननिहाल में आया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
बिजनौर शहर के मोहल्ला चाहशीरी में शुक्रवार की शाम इकरार के बेटे अरमान जन्मदिन पार्टी रखी गई। जन्मदिन पार्टी में शामिल हुए युवक रात में करीब दस बजे डीजे पर डांस करने लगे। डांस करते हुए अचानक अरमान के भाई इमरान और पार्टी में आए आकिब तथा वसीक पिद्दी के बीच विवाद हो गया, जिन्होंने तमंचा से फायरिंग कर दी। तीन राउंड फायरिंग हुई। एक गोली छत पर खड़े होकर डांस देख रहे जुनैद (10) पुत्र जुम्मा निवासी मुबारकपुरकलां को जा लगी। गंभीर रूप से घायल हुए जुनैद को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बालक की हत्या के मामले में दी गई तहरीर में तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि जन्मदिन पार्टी में डीजे पर हुए विवाद में गोली चलने से बालक की मौत के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इमरान और वसीक पिद्दी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया।
युवाओं की मस्ती में चली गई बालक की जान
बिजनौर। शराब के नशे में डीजे पर थिरक रहे युवाओं की मस्ती ने दस वर्षीय बालक की जान ले ली। मामा के पड़ोस में चल रही जन्मदिन पार्टी में छत पर खड़े होकर डांस देखते वक्त उसके सिर में गोली जा लगी।
हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव मुबारकपुर कला के रहने वाले जुम्मा का दस वर्षीय बेटा जुुनैद गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। जुनैद के मां और पिता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिस पर जुुनैद की मां नसरीन उसे लेकर पांच दिन पहले मायके मोहल्ला चाहशीरी में आ गई थी। जुनैद में भी संग आया। अब शुक्रवार की शाम मामा के पड़ोस में जन्मदिन पार्टी चल रही थी। रात में दस बजे डीजे पर डांस शुरु हुआ तो जुनैद भी देखने चला गया। वह छत पर खड़े होकर डांस देखने लगा। इसी बीच डीजे पर डांस करते हुए युवक आपस में भिड़ गए। तीन राउंड गोली चली। एक गोली लगने से जुनैद की जान चली गई। चार भाई बहनों में जुनैद सबसे बड़ा था। जुनैद की जान चली जाने से परिजनों में कोहराम मच गया। खबर लगते ही जुनैद के पिता भी अपनी ससुराल आ गए। परिवार वालों में कोहराम मचा रहा। जुनैद की मां रोते बिलखते कह रही थी कि अगर वह मायके नहीं आती तो उसका बेटा आज जिंदा होता। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वाले शव को अपने घर ले गए। गांव मुबारकपुर कला में ही शव को सुपुर्द ए खाक किया गया।