आतिशबाजी गोदामों का किया निरीक्षण
नजीबाबाद। एसडीएम और सीओ ने नजीबाबाद नगर सीमा से जुड़े पटाखा प्रतिष्ठानों और गोदामों का निरीक्षण किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने, स्टॉक से अधिक पटाखा सामग्री न रखने सहित आवश्यक निर्देश दिए।
एसडीएम बृजेश कुमार सिंह, सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने नजीबाबाद के करीब आधा दर्जन पटाखा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पटाखा कारोबारियों के पटाखा स्टॉक चेक किए गए। अग्निशमन अधिकारी केएस जादौन की उपस्थिति में प्रशासनिक अधिकारियों ने पटाखा कारोबारी वाजिद हुसैन, शुभम अग्रवाल, सुभाष चंद, नरेंद्र-प्रदीप, शशि सेठी, मुकेश कुमार और नौशाद के पटाखा गोदामों का बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने पटाखा कारोबारियों को लाइसेंस के नियमानुसार काम करने, अधिक स्टॉक न रखने तथा कोविड-19 गाइड लाइन के अनुसार काम करने के साथ गोदाम और प्रतिष्ठान की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने के सख्त निर्देश दिए। चेकिंग के दौरान अधिक स्टॉक नहीं मिला। प्रशासनिक अधिकारियों ने दीपावली पर्व तक किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
आबादी के बीच से हटाएं प्रतिष्ठान
नजीबाबाद। पटाखा कारोबारी नौशाद का प्रतिष्ठान बंद मिला। एसडीएम और सीओ ने अग्निशमन अधिकारी को जलालाबाद मार्ग पर स्थित नौशाद के पटाखा प्रतिष्ठान के दोनों ओर व्यापारिक प्रतिष्ठान और आबादी को देखते हुए प्रतिष्ठान अन्य स्थानांतरित कराने को कहा।
पटाखा कारोबारियों के लिए निर्देश
नजीबाबाद। पटाखा कारोबारियों को प्रशासन ने प्रतिष्ठान और गोदाम की सुरक्षा के लिए कई व्यवस्थाएं जुटाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम बृजेश कुमार सिंह व सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने प्रतिष्ठान पर सुरक्षा की दृष्टि से दो-दो सौ लीटर पानी के चार ड्रम, 10 फायर इंस्टीग्यूशर, एक डीसीपी ट्रॉली, एक बुग्गी रेत, पानी और रेत से भरी चार-चार बाल्टियां रखने के निर्देश दिए। कोविड-19 गाइड लाइन पालन में एक समय में चार से अधिक ग्राहक प्रतिष्ठान पर न बुलाने के भी निर्देश दिए।
नजीबाबाद में स्टैब्स ग्राउंड के निकट पटाखा गोदाम का निरीक्षण करते एसडीएम।- फोटो : NAZIBABAD