नगीना देहात क्षेत्र के ग्राम बड़ी बनी के पास कार में लगी आग को बुझाते फायरकर्मी।
- फोटो : BIJNOR
चलती कार में लगी आग, दो युवक झुलसे
नगीना। चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। इस घटना में कार के अंदर मौजूद दो युवक झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिजनौर रेफर कर दिया गया। फायरब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार जलकर राख हो गई थी।
नजीबाबाद के आदर्श नगर निवासी ओमप्रकाश के पुत्र बृजेश (35) और वीरेंद्र के पुत्र योगेश (23) सोमवार दोपहर करीब एक बजे अपनी सेंट्रो कार से नगीना से रायपुर मार्ग से नजीबाबाद जा रहे थे। जब उनकी कार नगीना देहात थाना क्षेत्र के गांव बड़ी बनी के पास पहुंची तो उसमें अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। कार में आग की लपटें देख दोनों युवक कार से बाहर आ गए, लेकिन दोनों बुरी तरह झुलस गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को नगीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिजनौर रेफर कर दिया गया। फायरब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार जलकर राख हो गई। शार्ट सर्किट को कार में आग लगने का कारण माना जा रहा है।