अफजलगढ़। गांव मनोहरवाली स्थित बनैली नदी के तटबंध के समीप रखे ग्रामीणों के उपलों के पांच बिटौड़ों, भूसे के दो बूंगों तथा लकड़ी के ढेरों में आग लग गई। आग में हजारों रुपये कीमत का लकड़ी, उपला व भूसा जलकर राख हो गया। वहीं एक पशु भी झुलस गया।
गांव मनोहरवाली में बनैली नदी के तटबंध के समीप ग्रामीण अनवार, अल्लाहदिया, दाऊद, आंतरी व शाहिद आदि के पांच बिटौड़े, भूसे के दो बूंगे आदि रखे हैं। किन्हीं कारणों से भूसे के बूंगे में आग लग गई। आग देखते ही देखते लकड़ी व उपलों के बिटौड़ो में फैल गई। ग्रामीणों ने आग पर पानी व बालू आदि डालकर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग इतनी तेजी से भड़क उठी कि ग्रामीण बुझाने में नाकाम रहे। सूचना पर गाड़ी लेकर पहुंचे अग्निशमन शमन कर्मियों ने करीब आधे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से पास में पशुशाला में बंधा एक पशु भी झुलस गया, जबकि वहां बंधे अन्य पशुओं के रस्से काटकर बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने पीड़ितों को मुआवजा दिलाने की मांग की है। तहसील से हलका लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की।