नगीना में दूल्हा दुल्हन की कार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
- फोटो : BIJNOR
दूल्हा-दुल्हन की कार में लगी आग
नगीना (बिजनौर)। मां के घर से पति के साथ विदा होकर ससुराल जा रही दूल्हा-दुल्हन की कार में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही की आग की लपटें निकलने से पहले ही दोनों सकुशल कार से बाहर आ गए। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
नगीना देहात थाना क्षेत्र के ग्राम कोटकादर निवासी मोहम्मद शमशाद के पुत्र मोहम्मद मुराद की बारात मंगलवार को नूरपुर के मोहल्ला हजरत नगर निवासी मेहंदी हसन के यहां गई थी। बताया जाता है कि मंगलवार की रात्रि करीब 8 बजे जब दूल्हा दुल्हन की वरना कार नगीना-रायपुर रोड पर बुंदकी तिराहे से पहले पहुंची तो कार में अचानक शार्ट सर्किट से धुआं निकलने लगा। धुआ निकलता देख कार में बैठे दूल्हा-दुल्हन व दूल्हे का भाई मोहम्मद जुबेर तथा कार का ड्राइवर तुरंत कार से सकुशल बाहर निकल आए। देखते ही देखते कार में भयंकर आग लग गई तथा लपटें निकलने लगी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। नगीना रायपुर रोड पर कार में आग लग जाने से वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर से जली कार को सड़क से किनारे कराया तब जाकर जाम खुला। दूल्हा दुल्हन दूसरी कार से अपने घर के लिए रवाना हो गए।