नजीबाबाद-कोटद्वार हाईवे पर धूं-धूं कर जलती बोरिंग मशीन। स्रोत-ग्रामीण
नजीबाबाद। कोटद्वार से हरिद्वार जा रही नलकूप बोरिंग मशीन में अचानक मंगलवार की सवेरे आग लग गई। मथुरापुर मोर के निकट हाईवे पर इस घटना से यातायात दो घंटे तक वन वे रहा।
कोटद्वार से आरटीओ कार्यालय हरिद्वार जा रही नलकूप मशीन में मंगलवार को सुबह करीब छह बजे अचानक मथुरापुर मोर क्षेत्र में आग लग गई। मशीन में आग लगते ही चालक सहारनपुर निवासी मो. जमशेद और क्लीनर मशीन से कूद गए। कुछ ही देर में मशीन का केबिन भीषण आग की चपेट में आ गया। मथुरापुर मोर के प्रधान खुर्शीद अहमद और क्षेत्रीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी गई। अग्निशमन अधिकारी केएस जादौन के नेतृत्व में पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब आधे घंटे तक कड़ी मेहनत कर नलकूप बोरिंग मशीन की भीषण आग पर काबू किया।
चालक मो. जमशेद ने अग्निशमन विभाग को बताया कि डीजल टैंक ने शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लगी। कुछ ही देर में पूरे केबिन ने आग पकड़ ली। हाईवे पर मशीन में लगी आग के बाद काफी देर तक वाहनों का संचालन हाईवे के वनवे से होता रहा।