हल्दौर। जिला प्रशिक्षण संस्थान के अधिकारी और एक प्रशिक्षक पर दो महिलाओं ने अभद्रता करने एवं जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाया है। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग से की गई शिकायत के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
नूरपुर ब्लॉक के गांव मझौला गुर्जर निवासी प्रिया पत्नी कपिल कुमार करीब छह वर्ष से राष्ट्रीय आजीविका मिशन की सदस्य हैं। बताया कि 22 जून को हल्दौर स्थित जिला प्रशिक्षण संस्थान में सात दिवसीय ब्लॉक रिसोर्स पर्सन प्रशिक्षण सत्र चल रहा था। इसी दौरान प्रिया के पुत्र की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसने जिला प्रशिक्षण अधिकारी (डीटीओ) से घर जाने की अनुमति मांगी। आरोप है कि डीटीओ ने जिला उपायुक्त की मंजूरी के बिना अवकाश देने से इन्कार कर दिया। प्रिया के मुताबिक, जब उसने जिला उपायुक्त वीरेंद्र यादव से आग्रह किया तो उन्होंने प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद ही घर जाने की बात कही।
आरोप है कि इसी बीच डीटीओ द्वारा उसके और दूसरी महिला प्रतिभागी ज्योति चौहान के साथ अभद्रता की व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया। थाने में तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई तो राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग में शिकायत की गई।
दो दिन पूर्व आयोग के निर्देश पर पुलिस ने डीटीओ सर्वेश कुमार तथा प्रशिक्षक धर्मेंद्र कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीटीओ का कहना है कि दोनों महिलाएं बिना रजिस्ट्रेशन कराए प्रशिक्षण कक्ष में आईं थीं। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है।