संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में मिलावटखाेरों के विरुद्ध अभियान चल रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेज रही है। वहीं, अक्तूबर माह में एडीएम कोर्ट ने सुनवाई करते हुए 22 मिलावटखोरों पर नौ लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। अभिहित अधिकारी नादिर अली ने बताया कि दूध, बर्फी, खोया, पनीर, बेसन, धनिया पाउडर, मेदा के नमूने जांच में फेल थे। इसके चलते कार्रवाई करते हुए एडीएम कोर्ट ने जुर्माना लगाया है। वहीं, अक्तूबर माह में टीम ने अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के 120 नमूने एकत्र किए।
इसमें मिठाई के 15, दूध के 11, खोया के 11, घी व पनीर के तीन-तीन, आइसक्रीम के 10, मसाले के छह, कुट्टू आटा व फलाहार के 17, नमकीन के दो नमूने सहित 120 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। अक्तूबर में 26 खाद्य पदार्थो की रिपोर्ट फेल आने पर मिलावटखोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।