दो पक्षों में मारपीट, युवक की मौत
कोतवाली देहात। थाना क्षेत्र के गांव झलरी जलपुरा में सड़क पर पशु बांधने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने हमले में शामिल महिला सहित तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव निवासी परम सिंह सैनी ने अपने घर के बाहर सड़क पर पशु बांध दिए। उसके पड़ोसी तारा सिंह ने इसका विरोध किया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हुआ। तारा सिंह के परिजनों का आरोप है कि परम सिंह उर्फ बबलू ने अपनी पत्नी धनवती, पिता धूम सिंह के साथ मिलकर तारा सिंह को बुरी तरह से पीट कर घायल कर दिया। झड़प में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तारा सिंह को परिजन पीएचसी कोतवाली लेकर गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, गांव इस्लामपुर लालू उर्फ मालीवाला में नौ मार्च को इरशाद व जाकिर पक्ष में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसमें एक पक्ष की गुलिस्ता पुत्री अनवर की मौत हो गई थी। जाकिर पक्ष के इस्तकार ने इरशाद पक्ष के अरशद, अमजद, माजिद, अलीमुद्दीन, राशिद व इकराम के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने घटना में नामजद गांव मालीवाला निवासी अलीमुद्दीन पुत्र इस्लामुद्दीन को बुधवार को गांव से गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया। आरोपी माजिद व अरशद को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।