निसंकोच करें रोडवेज में यात्रा, किराया नहीं बढ़ा : एआरएम
धामपुर। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के यात्रियों में बस किराए को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। भ्रम है कि रोडवेज ने किराया बढ़ा दिया है। जिससे यात्री बसों में यात्रा से संकोच कर रहे है। जबकि एआरएम एलके त्रिवेदी का कहना है कि यात्रियों में जो किराए को लेकर भ्रम की स्थिति है, वह पूरी तरह से गलत है।
एआरएम ने बताया कि यात्रियों को कोरोना महामारी से बचाने के लिए प्रत्येक बस को प्रत्येक चक्र के बाद सैनिटाइज कराया जाता है। यात्रियों के हाथों को सैनिटाइज कराने के लिए डिपो पर हैंड फ्री सैनिटाइजर मशीन व पैडल संचालित मशीन लगाई गई है। प्रत्येक यात्री का यात्रा से पहले थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। बस में यात्रा के समय मास्क लगाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यात्री रोडवेज की बसों में निसंकोच यात्रा करें। उनकी सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है। किराए को लेकर भ्रम की स्थिति बनी है। वह गलत है। डिपो से 56 में से 35 बसों का निर्धारित रूटों पर संचालन हो रहा है। यात्री बढ़ने पर सभी बसों को संचालन सुचारु हो जाएगा।