पुलिस की गिरफ्त में एसडीएम धामपुर को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी स्रोत पुलिस विभाग
धामपुर। एसडीएम धामपुर को मेसेज भेजकर जान से मारने की धमकी देने और 15 लाख की रंगदारी मांगने वाले साइबर अपराधी को पुलिस ने पकड़ लिया है, जोकि हैदराबाद का रहने वाला है। पकड़ा गया आरोपी फिजिकल ट्रेनर भी रहा है। आरोपी के पास लॉ और फैशन डिजाइनिंग की डिग्री है।
धामपुर सीओ अभय कुमार पांडे ने बताया कि आरोपी धीरज रेड्डी ने उप जिलाधिकारी रीतू रानी को उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर मेसेज भेज कर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए तंजील हत्याकांड जैसा हश्र करने की बात कही।
एसडीएम ने 24 जुलाई को धामपुर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। धामपुर थाने से एक टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार दिन पहले हैदराबाद भेजा गया था।
पुलिस ने हैदराबाद पहुंचकर धीरज रेड्डी पुत्र नंदीगारा पेरेसवारा रेडी को पकड़ा। जोकि थाना माधापुर हैदराबाद जिला रंगा रेड्डी कमिश्नरेट सायबेराबाद हैदराबाद तेलंगाना में रहता है। आरोपी हैदराबाद में कमर के दर्द आदि का एक्यूप्रेशर आदि से इलाज करता है।
पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है। इसके पास फैशन डिजाइनिंग के साथ साथ लॉ की भी डिग्री है। अब आरोपी अपना शोरुम खोलना चाहता था, जिसके लिए उसने साइबर अपराध के जरिए पैसा कमाने का प्लान बनाया। उसने लोगों से व्हाट्सएप नंबर पर मेसेज भेज कर धन की मांग करने लगा। उसने यह भी बताया कि वह नहीं जानता था कि यह नंबर धामपुर उप जिलाधिकारी का है यदि पता होता तो वह मेसेज ना भेजता।