गन्ना बांड की पर्चियां न मिलने से किसान चिंतित
धामपुर। किसानों को अभी गन्ना बांड की पर्चियां नहीं मिल पा रही है। खेतों में अभी काफी गन्ना खड़ा है। गन्ने को मिल में आपूर्ति करने को उनके द्वारा गन्ना बांड भरवाया गया था, लेकिन गन्ना समिति की ओर से अभी तक बांड की पर्चियां जारी नहीं की जा रही है, जिससे किसानों में असंतोष है।
किसान दिलावर सिंह, भूपेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, सुंदर सिंह, पंकज कुमार, अतुल कुमार का कहना है कि उनके पर्ची कलेंडर में जितनी पर्चियां लगी थी, वह सब पड़ गई है। जबकि खेतों में अभी भी गन्ना खड़ा है। किसानों ने बताया कि गन्ने की आपूर्ति कराने को 20 दिन पहले गन्ना बांड भरे थे, पर गन्ना समिति धामपुर की ओर से अभी तक बांड की पर्चियां नहीं दी जा रही है। गन्ना समिति के विशेष सचिव मनोज कुमार ने किसानों के लगे आरोपों को गलत बताया। कहा कि गन्ना समिति की ओर से पर्चियां जारी की जाने लगी है। चीनी मिल तभी बंद होगी, जब एक-एक किसान के गन्ने की पेराई हो जाएगी।