बिजनौर। कोरोना संक्रमण के फिर से बढ़ते मामलों को देखते हुए राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन का दिल्ली में होने वाला धरना स्थगित हो गया है। अब किसानों ने दो दिन तक जिले की तहसीलों में क्रमिक अनशन करने का एलान किया है।
संगठन के वेस्ट यूपी महासचिव कैलाश लांबा, जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने कई गांवों में दौरा कर किसानों से बात की। कैलाश लांबा ने कहा कि कोरोना संक्रमण दिल्ली में तेजी से बढ़ रहा है। किसानों और जनता की सुरक्षा संगठन के लिए सर्वोपरि है। कहा कि दिल्ली में होने वाला धरना स्थगित कर दिया गया है लेकिन जिले में धरना दिया जाएगा। 27 व 28 नवंबर को सभी तहसीलों में सुबह साढ़े 11 बजे से चार बजे तक किसान धरना देंगे।
विनोद कुमार ने कहा कि किसान कोरोना के साथ साथ फसलों के उचित दाम न मिलने की वजह से भी परेशान हैं। पिछले साल का गन्ना भुगतान अब तक नहीं दिया गया और गन्ना मूल्य भी अब तक घोषित नहीं किया गया है। भुगतान न मिलने से किसान परेशान हैं। कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए तहसीलों पर धरना दिया जाएगा। इस दौरान गौरव कुमार, अंकित चौधरी, राजपाल भगत, सचिन कुमार आदि किसान मौजूद रहे।
क्रमिक अनशन की तैयारी पर विचार विमर्श
नहटौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की बैठक में 27 नवंबर से सभी तहसीलों में क्रमिक अनशन करने की तैयारी को लेकर विचार विमर्श किया गया। गांव दामनगर लकड़ा में आयोजित बैठक में संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महासचिव कैलाश लांबा ने किसानों से कहा की पिछले दिनों धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और सरकार द्वारा कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर 27 नवंबर से सभी तहसीलों पर संगठन की ओर से क्रमिक अनशन किया जाएगा। किसानों का गन्ना बकाया भुगतान नहीं होना सरकार की नाकामी है। उन्होंने किसानों से संगठित होकर अपने हकों की लड़ाई के लिए आगे आने का आह्वान किया है। इस मौके पर संजीव कुमार, राजपाल सिंह, दीपक कुमार, प्रवेंद्र कुमार, अशोक कुमार, राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।