नूरपुर। गांव आजमपुर स्थित धामपुर शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर मंगलवार को गन्ने की खरीद को लेकर किसानों ने जमकर हंगामा किया। तौल लिपिक द्वारा किसानों के गन्ने को अस्वीकृत प्रजाति 5009 बताकर तौल करने से मना कर दिया, जिस पर किसान आक्रोशित हो गए।
गांव आजमपुर में धामपुर शुगर मिल के क्रय केंद्र पर पेराई सत्र 2026-27 के तहत गन्ने की तौल शुरू होने पर किसान अपना गन्ना लेकर पहुंचे। किसानों का आरोप है कि तौल लिपिक ने कई किसानों के गन्ने को अस्वीकृत प्रजाति 5009 का बताते हुए तौलने से इन्कार कर दिया और उन्हें गन्ना वापस ले जाने को कहा। इससे किसानों में रोष फैल गया और उन्होंने क्रय केंद्र पर धरना शुरू कर दिया।
किसानों का कहना है कि पहले ही मौसम की मार और गन्ने में बीमारियों के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में गन्ना खरीदने को लेकर आनाकानी से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
गन्ना क्रय केंद्र पर हंगामे की सूचना पर मिल अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा बुझाकर शांत कराया। मिल गन्ना अधिकारी चंद्रवीर सिंह ने किसानों का गन्ना खरीदे जाने का आश्वासन देते हुए तौल शुरू कराई। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान विजयपाल सिंह, अशोक, परम सिंह, हेमराज, नरेश, कुलदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।