नजीबाबाद में डीएफओ कार्यालय के बाहर धरना देते किसान। स्रोत-किसान
नजीबाबाद। भारतीय किसान यूनियन का डीएफओ कार्यालय पर धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। किसान नांगल खादर क्षेत्र में गन्ने की फसल जोतने पर रोष व्यक्त कर रहे हैं ।
ब्लॉक अध्यक्ष अवनीश कुमार, जिला उपाध्यक्ष विजय पहलवान, महेंद्र सिंह के नेतृत्व में किसान मंगलवार को डीएफओ कार्यालय पहुंचे। किसानों ने नांगल खादर क्षेत्रों में किसानों की खड़ी फसल को ट्रैक्टर और जेसीबी द्वारा अनधिकृत रूप से नष्ट करने पर रोष व्यक्त किया। किसानों का दावा किया कि जिस फसल को नष्ट किया गया वह किसानों की अपनी भूमि पर खड़ी थी। उन्होंने राजस्व नक्शे और वन विभाग के नक्शे में अंतर के चलते किसानों की फसल नष्ट करने की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।
किसानों ने धरने पर कृषि भूमि किसानों को देने, किसानों की मेहनत की फसल वापस करने और किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग उठाई। इन मुद्दों पर वन विभाग के अधिकारियों से किसानों की वार्ता विफल रही और धरना जारी रहा। धरने पर अजय कुमार, करण सिंह, रामेंद्र सिंह, वीरेश राणा, गिरिराज, अजीत, हेमेंद्र, शीशराम सहित अनेक किसान शामिल रहे।