बिजलीघर पर दूसरे दिन भी धरने पर बैठे रहे किसान
कोतवाली देहात। राष्ट्रीय किसान यूनियन का शादीपुर बिजलीघर पर धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। यूनियन ने मांग पूरी न होने पर नगीना-बिजनौर मार्ग पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।
राष्ट्रीय किसान यूनियन द्वारा बुधवार से शादीपुर बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। धरने में बुधवार को एसडीओ किरतपुर आफताब आलम तथा जेई सुधीर कुमार भी पहुंचे थे जिन्हें किसानों ने अपने बीच बैठा लिया था। बुधवार देर शाम अधिशासी अभियंता राजपाल कुशवाहा भी धरना स्थल पर पहुंचे थे परंतु किसान नहीं माने किसानों ने बुधवार की रात्रि को बिजलीघर के सामने ही टेंट लगा दिया तथा बुधवार की रात्रि भीषण सर्दी में भी किसान टेंट में डटे रहे। बृहस्पतिवार को धरने को संबोधित करते हुए महिपाल सिंह तोमर ने कहा कि किसानों की मांग 18 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति की है। किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें संतोषजनक आश्वासन नहीं मिलता तब तक धरना जारी रहेगा। अधिकारी उनकी बात नहीं सुनेंगे तो नगीना-बिजनौर मार्ग पर जाम लगाया जाएगा। धरना स्थल पर जिला अध्यक्ष राजेश सिंह, युवा जिला अध्यक्ष विनीत चिकारा, योगेश प्रधान, मुनेश सिंह, दिलशाद हुसैन ग्राम प्रधान दूधली, भूदेव प्रधान, ईश्वर सिंह, जयकुमार, अंकुर सिंह, बिट्टू चौधरी, चंद्रवीर सिंह, ललित चौहान, अरविंद चौहान, संजीव कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।