रात में ही गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे किसान
बिजनौर। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की भावुक अपील के बाद किसान रात में ही गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचना शुरू हो गए। प्रशासन ने भारी पुलिस बल बैराज रोड पर तैनात कर दिया तो किसान ट्रैक्टर ट्रॉली के बजाए निजी गाड़ियों से दिल्ली रवाना हुए। दिन में भी किसान बिना संगठन की टोपी लगाए दिल्ली गए। गांवों से किसान अभी और बड़ी संख्या में दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं।
26 जनवरी को दिल्ली में हुए हंगामे के बाद जिले के सभी संगठनों के कार्यकर्ता लौट आए थे। भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह अपने साथियों के साथ अब भी धरने में डटे हुए हैं। किसान राकेश टिकैत का निर्देश मानने की बात कह रहे थे। हालांकि दबी जुबान में वे कह रहे थे कि अब आंदोलन खत्म हो जाएगा। लेकिन बृहस्पतिवार को राकेश टिकैत की भावुक अपील के बाद किसानों में उबाल आ गया। रात में ही किसान गाजीपुर बॉर्डर जाना शुरू हो गए।
मंडल उपाध्यक्ष अतुल कुमार अपने समर्थकों के साथ गांव से कई गाड़ियों के काफिले के साथ गाजीपुर बॉर्डर पर रवाना हुए। हर ब्लॉक से किसान गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे। किसानों ने दिल्ली जाने में भी बहुत चतुराई से काम लिया। उन्होंने इस बार ट्रैक्टर ट्राली का सहारा नहीं लिया। ट्रैक्टर ट्राली को पुलिस द्वारा रोकने का अंदेशा था। किसान निजी वाहनों से गाजीपुर बॉर्डर गए। उन्होंने एहतियात के तौर पर अपनी गाड़ियों पर लगा संगठन का झंडा भी उतार दिया। बैराज पर तैनात भारी पुलिस भी किसानों को पहचान नहीं सकी और उनके वाहनों को नहीं रोका। शुक्रवार दिन में भी किसान इसी तरह गाजीपुर बॉर्डर व मुजफ्फरनगर पंचायत में शामिल होने गए। किसानों ने संगठन की टोपी तक नहीं लगाई। किसानों को रोकने के लिए गंगा बैराज पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
किसानों को रोकने की न करें भूल : दिगंबर
भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने अपने बयान में कहा कि किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। कोई भी अफसर किसानों को गाजीपुर बॉर्डर पर जाने से न रोके। अगर किसानों को आंदोलन में शामिल होने से रोका जाएगा तो उन्हें जिले की ओर रुख करना होगा। कहा कि किसान जिले के अफसरों के कार्यालयों में भूसा भर देंगे और सारी व्यवस्था ठप कर देंगे।
हल्दौर में भी पुलिस रही तैनात
हल्दौर। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए। पूरे दिन पुलिस कई स्थानों पर किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए मुस्तैद नजर आई। शुक्रवार को क्षेत्र के किसानों को ट्रैक्टर आदि वाहनों से दिल्ली जाने के रोकने के लिए बालकिशनपुर चौराहा, ब्लॉक कार्यालय, चामुंडा देवी मंदिर, बल्दिया मार्ग आदि स्थानों पर पुलिस तैनात रही। थाना प्रभारी निरीक्षक हरीशचंद जोशी का कहना है कि क्षेत्र से किसानों को ट्रैक्टरों से दिल्ली जाने से रोकने के लिए भारी तादाद में जगह-जगह पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।