गजरौला शिव। खराब ट्रांसफार्मर बदलने, बिजली व्यवस्था बदहाल से गुस्साएं किसानों ने शुक्रवार को बिजलीघर पर तालाबंदी करते हुए प्रदर्शन कर धरना दिया। गुस्साएं किसानों ने वहां उपस्थित जेई व अन्य कर्मियों को अपने साथ धरने पर बैठाया। कई घंटे बाद पहुंचे अधिशासी अभियंता ने किसानों को तीन दिन में सभी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। इस पर किसान शांत होकर वापस लौट गए।
भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले कार्यकर्ता व किसान गजरौला शिव बिजलीघर पर एकत्र हुए। यहां किसानों ने अपनी समस्याओं के समाधान के समर्थन में नारेबाजी की और बिजलीघर में तालाबंदी कर धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान आपूर्ति भी बंद रही। इससे ग्रामीणों को गर्मी का सामना करना पड़ा। धरने पर आंदोलित किसानों ने कहा कि बिजलीघर पर खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पटरी से उतरी हुई। धरने पर पहुंचे अधिशासी अभियंता ने किसानों की समस्याओं को सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि सभी समस्याएं तीन दिन के भीतर समाधान करा दी जाएंगी। धरने पर सहदेव, अतुल कुमार, मनोज कुमार, मास्टर मनोज कुमार, पूर्व प्रधान मुकेश राजपूत, नागेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान महेंद्र राजपूत, रविंद्र सिंह, मोहम्मद अहसान, योगेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार आदि रहे।