गन्ना भुगतान के लिए किसानों ने थानों के बाहर दिया धरना
बिजनौर/अफजलगढ़। गन्ना भुगतान ब्याज सहित कराने के लिए किसानों ने चीनी मिलों से संबंधित थानों के बाहर धरना दिया। किसानों ने धरने में कहा कि लॉकडाउन में किसानों को किसी भी तरह की सीधी आर्थिक मदद नहीं की गई है। शासन, प्रशासन कम से कम किसानों को भुगतान तो समय से करा दे। मांग पूरी न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसान नगदी के संकट से जूझ रहा है। इसका प्रभाव खरीफ की फसल पर भी पड़ रहा है। लॉकडाउन में किसानों को हुए नुकसान की भरपाई नहीं की गई। भुगतान न मिलने से किसान को आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। सामान्य योजना में कनेक्शन लेने वाले किसानों को अब तक नलकूप से जुड़ा बिजली का सामान नहीं दिया गया है। सामान्य योजना की छूट के कारण निजी नलकूपों के कनेक्शन भी नहीं मिल पा रहे हैं। किसानों ने भारत सरकार द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम में किया गया संशोधन व अनुबंध खेती को किसान विरोधी बताया। इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन शहर कोतवाल रमेश चंद्र शर्मा को दिया।
ज्ञापन में गन्ना भुगतान ब्याज सहित कराने, किसानों को नलकूप के कनेक्शन व सामान देने, किसान सम्मान निधि का लाभ सभी किसानों को देने, केंद्र सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश वापस करने, किसान ऋण मोचन योजना में लंबित पत्रों का निस्तारण करने, कोविड 19 के नाम पर पुलिस द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न को बंद करने व तहसीलों में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की गई। इस दौरान युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह, जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह, जितेंद्र कुमार, अतुल कुमार, विजय सिंह, प्रमोद कुमार, संदीप त्यागी, दीपक तोमर, कोमन सिंह, विनीत मौर्य आदि किसान मौजूूद रहे।
अफजलगढ़ में सोमवार को भाकियू के ब्लॉक अध्यक्ष दर्शन सिंह फौजी के नेतृत्व में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एकत्र किसान थाने के सामने अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ गए। ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न खत्म नहीं हो रहा है। किसान को लागत से डेढ़ गुना मूल्य दिलाने का वादा करने वाली सरकार किसानों को गन्ना भुगतान भी समय से नहीं दिला पा रही है। इस अवसर पर राणा सिंह, मुख्तियार सिंह, मदन सिंह राणा,विरसा सिंह, सुखदेव सिंह, राजकुमार, अमरदीप सिंह, रामकरण, चौधरी विजेन्द्र सिंह सहित दर्जनों भाकियू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।