नजीबाबाद और नांगलसोती थाने पर किसानों का धरना
नजीबाबाद/नांगलसोती। गन्ना मूल्य भुगतान, बढ़ती महंगाई सहित किसानों के सामने उत्पन्न आर्थिक संकटों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने नजीबाबाद तहसील और नांगलसोती थाने के सामने धरना दिया।
भाकियू के तहसील अध्यक्ष सरदार इकबाल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मदन सिंह चौहान, चौ. रुकन सिंह, ठाकुर गजेंद्र सिंह, शेरसिंह चौहान के नेतृत्व में किसानों ने प्रांतीय आह्वान पर तहसील में धरना दिया। किसानों ने गन्ना मूल्य भुगतान में विलंब होने, 50 प्रतिशत किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ न दिए जाने, नजीबाबाद चीनी मिल की पेराई क्षमता न बढ़ाने सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया है। किसान यूनियन ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन थाना प्रभारी संजय शर्मा को सौंपा। प्रदर्शन में कलवा सिंह, फुरकान, मो. हनीफ, अर्जेंद्र सिंह, सुखराम सिंह, विरेश राणा, सत्यपाल सिंह आदि किसान रहे। उधर भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष चौ. दिगंबर सिंह, अरविंद कुुमार, विजयपाल सिंह, मुकेश कुमार, राजवीर सिंह, कुलवीर सिंह, प्रमोद, शमसूद, कृपाल सिंह के नेतृत्व में किसानों ने नांगलसोती थाने के मुख्य द्वार पर धरना दिया। किसानों ने सीओ प्रवीण कुमार सिंह, थाना प्रभारी वली मोहम्मद की उपस्थिति में उत्तम शुगर मिल बरकातपुर के गन्ना महाप्रबंधक विश्वास राज को धरना प्रदर्शन के बीच बुलाकर करीब एक अरब रुपये का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान किए जाने की मांग की है। चीनी मिल प्रशासन ने डीएम द्वारा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार गन्ना भुगतान करने तथा एक सप्ताह के भीतर 11 करोड़ रुपये का भुगतान कराने का आश्वासन दिया है।
अनाज देकर किसान करेंगे भुगतान
नजीबाबाद। भाकियू के तहसील अध्यक्ष सरदार इकबाल सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष मदन सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि गन्ना मूूल्य भुगतान न होने पर अब किसान बिजली बकाया तथा अन्य देयों का अधिकारियों को धनराशि के बदले में अनाज देकर भुगतान करेंगे।