बिजली कटौती के विरोध में किसानों ने दिया धरना
नहटौर। अंधाधुंध बिजली कटौती को लेकर भाकियू के कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ खंडसाल विद्युत उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन किया। विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी की। घंटों तक चले धरने के बाद एसडीओ मौके पर पहुंचे और उनकी समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हो गया।
भाकियू के नहटौर ब्लॉक अध्यक्ष संजीव चौधरी के नेतृत्व में किसानों ने खंडसाल विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर अंधाधुंध बिजली कटौती की समस्या को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि जर्जर तारों के कारण लाइन में खराबी आने पर कुछ गांवों में दो दिन तक भी लाइट नहीं आती है। कर्मचारी टूटे तारो को ठीक करने में कई कई दिन लगा देते हैं। इसके अलावा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों में मात्र 8 से 10 घंटे ही बिजली आती है, जिससे उनके खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। उनकी फसलें सूखने की कगार पर है। किसानों के चल रहे धरने प्रदर्शन पर एसडीओ भगवंत सिंह मौके पर पहुंचे। किसानों ने अपनी समस्या से अवगत कराते हुए बिजली कटौती की समस्याओं को दूर करने की मांग की। एसडीओ द्वारा उनकी समस्याओं को दूर करने का आश्वासन देते हुए धरना समाप्त कराया। इस मौके पर धर्मवीर सिंह ,महेंद्र सिंह सुखबीर सिंह, तारा सिंह, कपिल कुमार, देवेंद्र सिंह, आशुतोष, केवल सिंह आदि मौजूद रहे।