संवाद न्यूज एजेंसी
हीमपुर दीपा। राष्ट्रीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने गांव चंदनपुरा में हाईटेंशन विद्युत लाइन को हटवाने को लेकर गांव सिकंदरी बिजलीघर पर प्रदर्शन कर धरना दिया। आंदोलित ग्रामीणों व किसानों ने धरने पर पहुंचे अवर अभियंता सत्यप्रकाश व एसडीओ अरविंद कुमार को अपनी बीच बैठाया और वार्ता की।
किसानों ने बताया कि चंदनपुरा गांव में एचटी लाइन खींची हुई है, जिससे काफी खतरा बना हुआ है। ग्रामीण हाईटेंशन विद्युत लाइन को हटाने की मांग कर रहे हैं। किसी भी अधिकारी ने इस ओर ध्यान नही दिया है। अफसरों व किसानों के बीच काफी जद्दोजहद रही। बाद में सहमति बनी और एसडीओ के आश्वासन पर धरना खत्म हुआ। अफसरों ने कहा कि एक महीने के भीतर गांव चंदनपुरा की हाईटेंशन विद्युत लाइन को 440 वोल्टेज की लाइन में परिवर्तित कर दिया जाएगा। धरने पर जिलाध्यक्ष हरमेंदर, सुनील, विनीत, भूदेव सिंह, सुमित कुमार, कपिल आदि मौजूद रहे।