सर्व यूपी ग्रामीण बैंक पर हंगामा करते किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के हल्दौर में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन से जुड़े किसानों ने मंगलवार को गांव खासपुर स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक पर कैश न मिलने पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने बैंक अफसरों पर मनमानी और धांधली का आरोप लगाया।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि किसानों के साथ ही आम उपभोक्ता चार दिन से लगातार बैंक आकर लंबी कतारों में लग रहे हैं। लेकिन यहां घंटों कतार में खड़े होने के बावजूद कैश नहीं दिया जा रहा है। अधिकतर उपभोक्ता अपने कई जरूरी काम छोड़कर बैंक में कैश मिलने की उम्मीद में खड़े रहते हैं। इससे उनकी दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि बैंक के अधिकारी और अन्य स्टाफ वाले परिचितों और रिश्तेदारों को कैश दे रहे हैं। जबकि अन्य लोगाें को टरकाया जा रहा है। रोष जताने वालों में वेदप्रकाश, देशराज सिंह, हेमंत त्यागी, मुनीश त्यागी, शकील अन्य शामिल रहे।
कल तक जमा कर सकते हैं पुराने नोट ः बिजनौर। विद्युत निगम ने 12 दिन में 700 बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए हैं। करीब एक दर्जन उपभोक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अधिशासी अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे परेशानी से बचने के लिए 24 तक 500 व 1000 के नोटों से बिल जमा कर सकते हैं।
विद्युत निगम ने दस हजार के बकायेदारों के खिलाफ 11 नवंबर से कनेक्शन काटने का अभियान चला रखा है। अधिशासी अभियंता अरुण कुमार ने 12 टीम गठित की है, जो कि बिजनौर शहर, किरतपुर तथा मंडावर में छापे मारने में लगी हैं। टीमों ने 12 दिन में करीब 700 बकायेदारों के कनेक्शन काटे। छापामारी में कई ऐसे कनेक्शन चलते मिले, जो कि बकाएदारी के आरोप में काट दिए गए थे। अधिशासी अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 24 नवंबर तक अपने बिल 500 व 1000 के नोटों से जमा करा दें।