- नेशनल हाईवे प्राधिकरण ने किसान यूनियन के दस नेताओं को भेजा है नोटिस
- किसान नेताओं से की जाएगी दो जुलाई से अब तक हुए टोल वसूली के नुकसान की भरपाई
- भाकियू ने भनेड़ा टोल प्लाजा पर बुलाई आपात बैठक, 18 को महापंचायत में होगा निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
किरतपुर/बिजनौर। मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे के भनेड़ा टोल प्लाजा पर फिलहाल किसानों का कब्जा बना हुआ है और 11 दिनों से धरना प्रदर्शन जारी है। इसे लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल वसूली नहीं होने से रोजाना हो रहे 2.62 लाख के नुकसान का जिम्मेदार किसानों का ठहराया है। इस नुकसान की भरपाई दस किसान नेताओं से रिकवरी करते हुए की जाएगी, यह नोटिस मिलते ही किसानों में उबाल आ गया। भाकियू की ओर से आपात बैठक बुलाकर आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
शुक्रवार को भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष सोनू चौधरी ने आपात बैठक बुलाई। भनेड़ा टोल प्लाजा पर इस आपात बैठक में सैकड़ों किसान शामिल हुए। मंडल अध्यक्ष बाबूराम तोमर ने कहा कि मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर अभी बहसूमा से बिजनौर तक फोरलेन नहीं बना है। बिजनौर से नजीबाबाद के बीच निर्माण आधा अधूरा है। किरतपुर और स्वाहेड़ी बाईपास पर काम पूरा नहीं है। ऐसे में हाईवे की ओर से भनेड़ा टोल प्लाजा चालू करना गलत है। किसान इसी का विरोध कर रहे हैं। कहा कि अब हाईवे ने काम पूरा करने के बजाए किसानों को डराना शुरू कर दिया है।
यूनियन के दस पदाधिकारियों को नोटिस भेजे गए हैं। इनमें प्रतिदिन 2.62 लाख के नुकसान का हवाला दिया गया है। नोटिस में कहा गया कि प्रतिदिन हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए उनसे वसूली के लिए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ में 18 प्रतिशत की दर से ब्याज भी देना होगा। कहा कि हाइवे प्राधिकरण की हठधर्मिता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उधर, किसानों का विरोध देखते हुए हाईवे प्राधिकरण ने मिट्टी ढुलाई की वजह से क्षतिग्रस्त हुआ भनेड़ा से जटनीवाला, सिकरी मार्ग का निर्माण शुरू कर दिया है। बैठक में 18 जुलाई को होने वाली महापंचायत के लिए रणनीति बनी।
धरनास्थल पर ये रहे मौजूद
जिला अध्यक्ष सोनू चौधरी, प्रांतीय नेता अजय बालियान, पश्चिमी यूपी सचिव दिनेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष मुनेंद्र सिंह, अंकुर चौधरी, जिला महासचिव मुकेश कुमार, सुनील प्रधान, दिग्विजय चौधरी उर्फ डिग्गी, नरदेव सिंह, देवदत शर्मा, कोमन सिंह, कविराज, धर्मवीर सिंह, वीर सिंह डबास, अवनीश चौधरी, गजेंद्र सिंह, अशोक कुमार, बलजीत सिंह, अंकित चौधरी, सरदार मनप्रीत संधू, सौरभ चौधरी, हर्ष देशवाल आदि मौजूद रहे।
जिला प्रशासन को करना चाहिए समाधान
स्योहारा। गांव पट्टी में आयोजित भाकियू की बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी गजेंद्र सिंह टिकैत ने कहा कि आंदोलन कर रहे पदाधिकारियों के खिलाफ हाईवे की ओर से नोटिस भेजे गए हैं। इससे किसानों में आक्रोश है। कहा कि ऐसे कौन सा कानून है, जो कार्य पूरा होने से पहले जनता से टोल वसूला जाएगा। जिला प्रशासन को संज्ञान लेकर जो टोल से जुड़ी समस्या का समाधान कराना चाहिए। पूरे जिले का किसान टोल पर आंदोलन कर रहे किसानों के साथ है। इस अवसर पर रामचरण सिंह, गजराम सिंह, सत्यवीर सिंह, अभिषेक गोतम, अशोक चोधरी, जयवीर सिंह, अनुराग तातरान, राजीव कुमार, गुड्डू सिंह पुनीत आदि किसान मौजूद रहे।
भनेड़ा टोल प्लाजा पहुंचे सांसद चंद्रशेखर
किरतपुर। भनेड़ा टोल प्लाजा पर चल रहे धरने में पहुंचकर नगीना सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि जनता के पैसों से हाईवे बना है, अब टोल भी ले रहे हैं। गाड़ी खरीदते वक्त भी टैक्स लिया जाता है। जो कमाते हैं, वह टैक्स में चला जाता है।
किसान की आमदनी 27 रुपये है, 27 रुपये कमाने वाले आदमी की क्या अब खाल खीचोंगे। सत्ता को चाहिए कि जनता के बोझ को कम करे। जब तक हाईवे का काम पूरा न हो, तब तक टोल नहीं लिया जाए। टोल के 25 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों से टोल वसूल नहीं करने का मुद्दा उठाया। उधर, टोल प्लाजा पर भाकियू टिकैत के साथ-साथ भाकियू संग्राम गुट का भी धरना चल रहा है।