चंदक में भाकियू ने उप विद्युत केंद्र चंदक पर में बिजली कटौती को लेकर धरने के दौरान एसडीओ व जेई का घेराव किया। एक्सईएन के आश्वासन पर किसानों ने अपना धरना समाप्त किया।
भाकियू उप विद्युत केंद्र पर बिजली कटौती, लो वोल्टेज, जर्जर तार व शासनदेश के अनुसार विद्युत सप्लाई देने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। एक्सईएन को धरना स्थल पर बुलाने की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसडीओ अशोक कुमार शर्मा व जेई नवनीत कुमार को घेराव किया और अपने साथ धरना स्थल पर बैठा लिया। एसडीओ द्वारा एक्सईएन की फोन पर वार्ता के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया। एक्सईएन ने कहा कि वह अभी बाहर है। वह जल्द उनकी समस्याओं का समाधान कराएंगे।
भुगतान नहीं होने पर करेंगे सर्वेक्षण का विरोध
हल्दौर में भाकियू की पंचायत में किसानों ने बिलाई शुगर मिल द्वारा गन्ने का बकाया भुगतान शीघ्र न करने पर गन्ना सर्वेक्षण कार्य बंद कराने की चेतावनी दी गई। हल्दौर ब्लॉक कार्यालय के ड्वाकरा हाल में मंगलवार को भाकियू ने पंचायत का आयोजन किया। पंचायत में जिला अध्यक्ष रामअवतार सिंह ने कहा कि बिलाई शुगर मिल ने किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं दिया है। इससे किसानों को गन्ना की बुआई करने समेत अन्य कार्यों को पूरा करने के लिए धन के अभाव में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र न किया तो किसान टोली बनाकर खेतों पर जाकर गन्ना सर्वेक्षण कार्य का विरोध करेंगे। प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने देहात में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं, लेकिन कुछ अधिकारियों की लापरवाही से उनके आदेश को पलीता लग रहा है। किसानों को फसलों की सिंचाई करने में परेशानी आ रही है। मंडल सचिव हुकुम सिंह ने कहा कि हल्दौर क्षेत्र में करीब 350 बीघा ग्राम समाज की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जे किया हुआ है। भाकियू ने जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। किसानों ने 15 मई को बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्य तिथि को गन्ना सोसायटी बिजनौर में जल संरक्षण दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया। पंचायत में प्रमोद कुमार, धर्मेंद्र राणा, जागेश सिंह, उदयराज, दयाराम सिंह, कैलाश सिंह, महावीर सिंह, टीकम सिंह व धर्मवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
बिजली आपूर्ति सुचारु न हुई तो आंदोलन करेगी भाकियू
अफजलगढ़ में भाकियू की मासिक पंचायत मेें बिजली व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
मंगलवार को डाक बंगले में हुई पंचायत में ब्लॉक अध्यक्ष दर्शन सिंह फौजी ने कहा कि क्षेत्र में बिजली को लेकर सुधार के कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। अधिकारी एसी दफ्तरों में बैठकर मॉनीटरिंग कर रहे हैं। अफजलगढ़ में ट्रिपिंग व लोवोल्टेज से उपभोक्ता जूझ रहे हैं।
अचानक तेज वोल्टेज आने से लोगों के उपकरण फुंक रहे हैं। शासन के 18 बिजली आपूर्ति के आदेश के बावजूद छह-सात घंटे ही सप्लाई मिल रही है। बिजली न आने से चिंचाई नहीं हो पा रही, जिससे फसलें सूखने के कगार पर हैं। नहरों में पानी की नियमित सप्लाई नहीं दी जा रही है। प्रदेश सरकार से सभी किसानों के कर्ज माफ करने की मांग करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र ही समस्याएं हल न हुईं तो आंदोलन होगा। बैठक की अध्यक्षता चौधरी बलजीत सिंह व संचालन भूपेंद्र सिंह ने किया। इसमें सुखदेव सिंह, धर्मवीर सिंह, अंजली देवी, हेमलता, दुर्गेश, राजपूत,पीयूष चौहान, सोमपाल सिंह, चंद्रहास, लवकुश, शमीम अहमद, गजराज सिंह, हेमराज,राजकुमार, बाबू, विजयपाल, राम सिंह, आनंद सिंह, राजवीर, गजेंद्र मौजूद रहे।