-कलक्ट्रेट पहुंचे किसानों ने मांग पूरी नहीं होने पर दी सामूहिक विरोध की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। गंगा एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों की जमीन के बैनामे कराए जा रहे हैं। इसी बीच कुछ गांव के किसान 30 लाख रुपये प्रति बीघा मुआवजे की मांग को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर एकजुट होकर जमीन अधिग्रहण का विरोध करने की चेतावनी दी।
किसानों का कहना है कि सर्किल रेट के चार गुना के हिसाब से मिलने वाला मुआवजा पर्याप्त नहीं है। इससे वे उसी क्षेत्र में दूसरी जगह खेती योग्य जमीन नहीं खरीद सकेंगे। कृषि भूमि ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। ऐसे में जमीन जाने के बाद परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा। किसानों ने वास्तविक बाजार मूल्य के आधार पर कम से कम 30 लाख रुपये प्रति बीघा मुआवजा देने की मांग की।
नजीबाबाद तहसील के तिसोतरा, लालपुर सौजिमल और सुंगरपुर बेहड़ा के किसानों की जमीन छह मौजों में अधिग्रहण की जद में है। इसके अलावा बिजनौर तहसील के उलेढ़ा गांव के किसान भी प्रभावित हैं। किसानों ने बताया कि पिछली मुलाकात में डीएम ने एडीएम और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या का समाधान निकालने का भरोसा दिया था, लेकिन दोबारा मिलने पर भी कोई राहत नहीं मिली। इस मौके पर किसान भीष्म सिंह, वीर सिंह, रामपाल सिंह, मोहित कुमार, विजेंद्र सिंह, बलवंत सिंह, सुधीर कुमार, सुरेंद्र सिंह, अतुल कुमार, यश कुमार, फैजान जुल्फकार आदि मौजूद रहे।