नगीना देहात के ग्राम बनी गणेश में मिल अधिकारियों से वार्ता करते भाकियू अराजनैतिक पदाधिकारी और
नगीना। द्वारिकेश चीनी मिल लिखी ट्रैक्टर-ट्राॅली में गांवों में कीटनाशक दवाइयां बेची जा रही थी। भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही ने कार्यकर्ताओं व किसानों के साथ ग्राम बनी में कीटनाशक दवाइयों से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली का घेराव किया और प्रदर्शन किया। नितिन सिरोही का आरोप है कि बिना अनुमति गलत दवाइयों को बेचकर किसानों का शोषण किया जा रहा। जिला कृषि अधिकारी ने दवाइयों की जांच के लिए सैंपल लिया। सैंपल के रिजल्ट आने तक उक्त दवाइयों की सेल को प्रतिबंधित कर चीनी मिल की अभिरक्षा में दी।
मंगलवार को नगीना देहात थाना क्षेत्र के ग्राम बनी गणेश में कीटनाशक दवाइयों की एक ट्रैक्टर-ट्राॅली को किसानों ने रोक लिया। मौके पर भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। कार्यकर्ताओं व किसानों ने दवाईयों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया। किसान नेताओं ने बताया कि यह द्वारिकेश चीनी मिल द्वारा क्षेत्र के किसानों के लिए कीटनाशक दवाइयों की सप्लाई की जा रही है। हंगामा के दौरान आपस में कहासुनी हुई। किसान नेताओं का आरोप था कि चीनी मिल के कर्मी किसान बनकर उनके बीच पहुंचे और फोटो, वीडियो बनाने का विरोध करने लगे। हंगामा बढ़ने की सूचना पर भाकियू अराजनैतिक के युवा प्रदेशाध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह पहुंचे। चीनी मिल की ओर से सहायक महाप्रबंधक गन्ना यशपाल सिंह पहुंचे, उन्होंने किसानों से वार्ता कर समझा बुझाकर शांत किया।
सैंपल लेकर जांच को भेजे
सूचना पर जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंंह तेवतिया भी पहुंचे। यूनियन के कार्यकर्ताओं के विरोध के चलते जिला कृषि अधिकारी ने दवाइयों की सत्यता को जांचने के सैंपल लिए। जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया ने बताया कि जांच के दौरान चीनी मिल द्वारा बिल दिखाए गए। गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल लिए गए और सैंपल परिणाम आते तक उक्त दवाई को बेचने के लिए प्रतिबंध कर दिया गया।
खराब क्वालिटी दवा बेचने का लगाया आरोप
संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं व किसानों ने खराब क्वालिटी की दवाई बेचने का आरोप लगाया। मिल परिक्षेत्र से बाहर दवाई बेचने पर हंगामा भी किया।
किसानों को छूट पर दी जा रही दवाई
मिल के सहायक महाप्रबंधक गन्ना यशपाल सिंह ने बताया कि किसानों को गांव बनी गणेश, हैजरपुर व ब्राह्मण वाला में कीटनाशक दवाई सप्लाई की जा रही थी। बताया कि मिल द्वारा कंपनी की दवाई किसानों को छूट पर दी जाती है। उनका कहना है कि मौके पर पहुंचे जिला कृषि अधिकारी ने मिल गोदाम में रखी तथा ट्रैक्टर ट्राली में मौजूद दवाइयों के सैंपल लेकर स्टॉक को अगले आदेश तक विक्रय न करने के निर्देश दिए हैं।