उत्तम चीनी मिल पर किसानों का धरना जारी
नजीबाबाद। गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर भाकियू लोक शक्ति का धरना एक सप्ताह से जारी है। उत्तम शुगर मिल प्रशासन प्रदर्शनकारी किसानों को अवगत करा चुका है कि समय से गन्ना भुगतान किसानों को कराना उनकी प्राथमिकता है।
भाकियू लोक शक्ति के जिलाध्यक्ष चौ. वीर सिंह के नेतृत्व में उत्तम शुगर मिल बरकातपुर पर गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर किसानों का बेमियादी धरना मंगलवार को भी जारी रहा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब तक किसानों का समस्त गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होगा तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
उधर, चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक नरपत सिंह ने पांच दिन पूर्व पांच करोड़ रुपये गन्ना मूल्य डीएम के शेड्यूल के अनुरूप जारी किया था। उन्होंने कहा कि किसानों का अधिक से अधिक गन्ना मूल्य भुगतान करना उनकी प्राथमिकता है। प्रधान प्रबंधक ने किसानों को समस्त भुगतान कराने का आश्वासन दिया।